झज्जर, 05 मई। जिला भर में डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल के मार्गदर्शन में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत खेल परिसरों में खिलाड़ियों को खेलों के साथ – साथ नशे जैसी बीमारी से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही नशे के खिलाफ जागरूकता की शपथ भी दिलाई जा रही है।
जिला खेल अधिकारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि अभियान के अंतर्गत खिलाड़ियों को खेल परिसर साल्हावास,तलाव, , छारा व नेहरू कॉलेज के क्रिकेट मैदान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों के लिए नशा के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की कार्यक्षमता को प्रभावित करता है, जिससे खेल प्रदर्शन में गिरावट आती है और खिलाड़ी अपने लक्ष्य से भटक सकता है। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि नशीले पदार्थों की लत से व्यक्ति का स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि उसका सामाजिक व पारिवारिक जीवन भी गंभीर रूप से प्रभावित होता है।
उन्होंने कहा कि खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अनुशासन, नियमित अभ्यास और स्वस्थ जीवनशैली अत्यंत आवश्यक है, जिसमें नशे के लिए कोई स्थान नहीं है।
खेल परिसरों में खिलाड़ियों को नशीले पदार्थों से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ दिलाई गई। उपस्थित सभी खिलाड़ियों ने इस संकल्प को दोहराते हुए नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का भी वचन दिया। इस अवसर पर खेल प्रशिक्षक एवं अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।









