बरवाला/हिसार, 04 मई।
मुख्यमंत्री कृषक खेत-खलिहान किसान मजदूर सुरक्षा योजना के तहत हरियाणा सरकार द्वारा खेतों में काम करते समय हादसे का शिकार हुए किसानों और मजदूरों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसी कड़ी में बरवाला मार्केट कमेटी के चेयरमैन प्रवीण सैनी ने दो पीड़ित किसानों को सहायता राशि के चेक सौंपे।
उन्होंने बताया कि गांव किरमारा निवासी किसान सुरेश सरसों निकालते समय फैन बेल्ट में उंगली कटने से घायल हो गए थे। वहीं गांव सरसौद निवासी रामकेश की उंगली पशु चारा काटने वाली मशीन में आने से चोटिल हो गई थी। इसके दृष्टिगत दोनों किसानों को योजना के तहत 38 हजार 500 रुपये की अलग-अलग आर्थिक सहायता दी गई। चेयरमैन प्रवीन सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों और मजदूरों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। संकट के समय उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत कृषि कार्य या मशीनरी के उपयोग के दौरान दुर्घटना में मृत्यु या दिव्यांगता होने पर 37 हजार 500 रुपए से लेकर 5 लाख रुपए तक की सहायता राशि दी जाती है।
इस अवसर पर मार्केट बोर्ड सचिव मंदीप राणा, वाइस चेयरमैन रोशन घणघस, मंडल अध्यक्ष मनोज संदुजा, एमिनेंट पर्सन पवन शर्मा, पलवेश गुंदली, प्रेम जांगड़ा, सतीश गिल और परमानंद जांगड़ा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









