सिरसा, 07 जुलाई।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा मंगलवार को पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, सिरसा में कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षणार्थियों को प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर का प्रशिक्षण दिया गया।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सहायक सचिव गुरमीत सिंह सैनी ने बताया कि वर्तमान समय में कार्डियक अरेस्ट के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे मामलों में समय पर सीपीआर नहीं मिलने के कारण अनेक लोगों की जान चली जाती है। इसलिए आमजन को सीपीआर के प्रति जागरूक करना और इसका व्यावहारिक प्रशिक्षण देना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में, जब तक विशेषज्ञ चिकित्सा सहायता उपलब्ध नहीं हो जाती, तब तक प्राथमिक उपचार ही जीवन बचाने का पहला और सबसे महत्वपूर्ण कदम होता है। यदि अचानक किसी व्यक्ति को कार्डियक अरेस्ट हो जाए या उसकी सांस रुक जाए, तो तुरंत सीपीआर देने से उसकी जान बचाई जा सकती है।
प्रशिक्षण के दौरान रक्तस्राव रोकने की विधियां, फ्रैक्चर की स्थिति में प्राथमिक उपचार, कृत्रिम श्वास, बेहोशी, सदमे तथा अन्य आपात परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों को चिकित्सकीय सहायता मिलने तक घायल या पीडि़त व्यक्ति की सुरक्षित देखभाल करने के तरीकों से भी अवगत कराया गया। इस अवसर पर पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, सिरसा के फैकल्टी सदस्य दलबीर सिंह भी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षणार्थियों को दिया प्राथमिक उपचार व सीपीआर का प्रशिक्षण









