हिसार, 30 जून।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हरियाणा में कार्यरत क्लर्क महेंद्र लखान को समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यशैली एवं जनसेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण बेदी ने सम्मान प्रदान किया।
महेंद्र लखान ने विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी कार्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदार कार्यशैली के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया। सम्मान प्राप्त करने पर महेंद्र लखान ने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी पूरी ईमानदारी, समर्पण एवं सेवा भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों एवं पूरे समाज कल्याण विभाग की टीम को दिया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।









