उपरान्त उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान को निर्धारित समयावधि में सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाकर उन्हें मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा प्रपत्र भरने में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
बुधवार को उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान को लेकर ई.आर.ओ. एवं सम्बंधित कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
उन्होंने बताया कि अभियान की गति बनाए रखने के लिए 14 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को विद्यालय संबंधी कार्यों से छूट प्रदान की जाएगी, ताकि वे पूरी तरह से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अधिक से अधिक मतदाताओं तक जानकारी पहुंचाने के लिए सार्वजनिक घोषणाओं तथा डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक मतदाता को यह जानकारी दी जाएगी कि वह निर्धारित समय में अपना प्रपत्र भरकर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए।
उन्होंने बताया कि बीएलओ को प्राप्त होने वाले प्रपत्रों को भरने में प्रशासन द्वारा गठित प्रशिक्षित टीम सहयोग करेगी। यदि किसी मतदाता को प्रपत्र भरने में किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो वह प्रपत्र पर अंकित बीएलओ के संपर्क नंबर पर सीधे संपर्क कर सकता है। बीएलओ स्वयं मतदाताओं को प्रपत्र भरने में सहायता करेंगे, जबकि प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन बीएलओ एवं उनके सहायक कर्मियों द्वारा किया जाएगा, जिससे कार्य में पारदर्शिता एवं गति बनी रहे।
उपायुक्त ने बताया कि जिले के बड़खल एवं बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इन क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता, प्रपत्र संग्रहण तथा सत्यापन कार्य को गति देने हेतु अतिरिक्त संसाधनों का उपयोग किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के उद्देश्य से स्वयंसेवकों (Volunteers) तथा अतिरिक्त स्टाफ की भी आवश्यकता अनुसार सहायता ली जाएगी, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता तक समय पर पहुंच सुनिश्चित की जा सके और अभियान निर्बाध रूप से संचालित हो।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि यह अभियान पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सहभागी प्रक्रिया है। इसके सफल संचालन के लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित किया जाएगा तथा उन्हें प्रत्येक स्तर पर प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा, जिससे मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क बनाए रखें, आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान में सक्रिय सहयोग देकर मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटि रहित बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।









