रोहतक, 27 जून। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बीरेंद्र सिंह डूमरखां तथा पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने शनिवार को यहां गरिमा गार्डन में समर्थकों व पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग की। इस दौरान सद्भावना यात्रा की सफलता और आगामी रणनीति पर विस्तार से विचार विमर्श किया गया। गौरतलब है कि पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की अगुवाई में हरियाणा के 90 विधानसभा क्षेत्रों में सद्भाव यात्रा निकाली गई थी। सद्भावना यात्रा की शुरूआत 5 अक्टूबर 2025 को नरवाना विधानसभा क्षेत्र के गांव दानौदा स्थित बिनैन खाप के चबूतरे से हुई थी। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 8 मई को गुरूग्राम में सद्भाव यात्रा में शिरकत की थी और यात्रा निकालने के लिए बृजेंद्र सिंह की सराहना की थी। सद्भाव यात्रा का समापन 23 मई 2026 को रोहतक में हुआ था।
इस मीटिंग में प्रमुख तौर पर पूर्व विधायक अतर सिंह सैनी, रण सिंह मान, शमशेर सिंह गोगी, जयतीर्थ दहिया, शिव शंकर भारद्वाज, पूर्व सीएम हुड्डा के ओएसडी रहे महेंद्र सिंह चोपड़ा के अलावा संदीप नेहरा, विनय सिंह यादव, भरत सिंह बावल, निर्मल सिंह, अमित काजल, दीपक मलि, सुरेंद्र, सुरेंद्र दहिया, दलबीर फौगाट, प्रमोद नांदल, सविता कुंडू, रजिया बानो, दीपिका यादव, प्रियंका हुड्डा, प्रदीप जैलदार, जयदेव मलिक, राज सिंह गागड़वास मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी एडवोकेट अमित काजल ने मीटिंग में आए सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।
मीटिंग के दौरान अपने संबोधन में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने सद्भाव यात्रा के दौरान सामने आए मुद्दों पर चर्चा की। यह मुद्दे समाज के हर वर्ग से जुड़े हुए थे। उन्होंने 8 मई को सद्भाव यात्रा में पहुंचे राहुल गांधी का विशेष तौर पर जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद राहुल गांधी की हरियाणा पहली सार्वजनिक जनसभा थी। जिसमें उन्होंने न केवल सद्भाव यात्रा की सराहना की बल्कि युवाओं से देश के हर प्रदेश मंे इस प्रकार की यात्राएं निकालने का सुझाव भी दिया। बृजेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के आगमन के बाद उन्होंने बीरेंद्र सिंह से इस बारे में जिक्र किया था तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस में इशाारों में संदेश दिए जाते हैं लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है कि वे सीधा संदेश देकर गए है। यही नही यात्रा के बाद राहुल गांधी से मुलाकात की थी तब राहुल गांधी को कहा था कि हमने एक इंच मांगा था लेकिन आपने एक मील दे दिया। पूर्व सांसद ने कहा कि वे लंबी रेस दौड़ना चाहते हैं लेकिन ज्यादा तेज नहीं दौड़ना चाहते।
बृजेंद्र सिंह ने बीजेपी और आरएसएस को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी देश और प्रदेश में सद्भाव बिगाड़ने का काम कर रही है और बीजेपी से सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही लड़ सकती है। उन्होनंे कहा कि बीजेपी इन दिनों दूसरे पार्टियों को तोड़कर अपनी संख्या बढाने में लगी हुई है। देश में सारी संस्थाओं को खत्म कर दिया गया है। उन्होंने एसआईआर का जिक्र करते हुए कहा कि इस बारे में सावधानी बरतने की जरूरत है। इस समय हरियाणा में यह सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा है।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह डूमरखां ने अगले 6 माह तक गांव-गांव संपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया गया और सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सद्भाव यात्रा को लोगों का व्यापक समर्थन मिला। हरियाणा के भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और संस्कृति को बचाने की यह लड़ाई अभी शुरू हुई है और इसे आगे भी जारी रखना होगा। उन्होंने भाजपा पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा, समाज को धर्म व जाति के नाम पर बांटने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल चुनाव जीतने की लड़ाई नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक भाईचारे को बचाने का संघर्ष है।
रोहतकः पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह डूमरखां व पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने समर्थकों के साथ की मीटिंग









