×
Chaupal Tv
Haryana

12 क्वार्टर क्षेत्र के लोगों ने बिजली निगम पर लापरवाही का लगाया आरोप, बच्चों और बेसहारा पशुओं की सुरक्षा को लेकर उठाई चिंता

हिसार, 30 जून।
शहर के 12 क्वार्टर स्थित ढाणी किशन दत्त क्षेत्र में बिजली निगम की कथित लापरवाही लोगों की चिंता का कारण बनी हुई है। बाल्मीकि हनुमान मंदिर के पास लगे ट्रांसफार्मर पर हाई पावर फ्यूज जमीन से महज तीन से चार फुट की ऊंचाई पर खुले रूप में लगाए गए हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।
हिसार। 12 क्वार्टर स्थित ढाणी किशन दत्त में बाल्मीकि हनुमान मंदिर के निकट दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम के ट्रांसफार्मर पर लगे खुले हाई पावर फ्यूज स्थानीय निवासियों के लिए खतरे का कारण बने हुए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि ये फ्यूज जमीन से केवल तीन से चार फुट की ऊंचाई पर लगे हुए हैं, जिससे वहां से गुजरने वाले छोटे बच्चों और पशुओं, विशेषकर बेसहारा गायों के करंट की चपेट में आने का खतरा बना हुआ है।
मोहल्लावासी संजय मुवाल, मुकेश सैन, प्रकाश चंद्र, राजकिरण और अशोक गुर्जर ने बताया कि इस संबंध में कई बार बिजली निगम के अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि निगम यदि इन फ्यूजों को लकड़ी के सुरक्षा बॉक्स से कवर कर दे तो संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। स्थानीय लोगों ने बिजली निगम से जल्द कार्रवाई करते हुए सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।