रोहतक, 02 जुलाई : जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. तरन्नुम खान ने अर्पण संस्थान का निरीक्षण किया तथा वहां उपस्थित बच्चों से संवाद स्थापित कर उन्हें स्वास्थ्य, पोषण एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
डॉ. तरन्नुम खान ने कहा कि हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जुलाई एवं अगस्त माह के दौरान “कुपोषण” विषय पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य “स्वस्थ बच्चा, मजबूत राज्य” की अवधारणा को साकार करते हुए बच्चों के समुचित पोषण एवं बेहतर स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा शिक्षा विभाग का सक्रिय सहयोग रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाई जा सके।
सचिव डॉ तरन्नुम खान ने बच्चों को बताया कि वे किसी भी प्रकार की निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्कूलों एवं कॉलेजों में विधिक साक्षरता सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें संतुलित एवं पौष्टिक आहार, पोषण संबंधी अधिकार, मिड-डे मील, एनीमिया की रोकथाम, मासिक धर्म स्वच्छता (Menstrual Hygiene) तथा विभिन्न बाल स्वास्थ्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
डॉ. तरन्नुम खान ने बच्चों से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, संतुलित एवं पौष्टिक भोजन अपनाने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का नियमित लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित पौधारोपण अभियान के अंतर्गत एक पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा अर्पण संस्थान में कुपोषण जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित









