हिसार, 02 जुलाई।
हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए हरियाणा उदय अभियान के तहत प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 11 जुलाई को पंचकूला स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नशा मुक्ति के क्षेत्र में कार्य कर रहे सामाजिक संगठनों, गैर-सरकारी संस्थाओं (एनजीओ), मेडिकल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न जिलों से आए लोगों के साथ संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि हिसार जिले से भी सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों तथा संबंधित विभागों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि हरियाणा उदय अभियान को एक व्यापक जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें खेल, शिक्षा, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य रचनात्मक कार्यों से जोड़ना है। इसके लिए जिलेभर में निरंतर जागरूकता, प्रेरक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे युवाओं की ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लग सके और वे समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें। उन्होंने बताया कि अभियान के अगले चरण में 18 जुलाई को मधुबन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा प्रदेशभर के थाना प्रभारियों (एसएचओ) के साथ विशेष बैठक करेंगे। बैठक में नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने, कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने, पुलिस तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनसहभागिता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संस्थाओं, युवा संगठनों तथा आम नागरिकों की सहभागिता से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त हरियाणा केवल सरकार का अभियान नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी और सामूहिक संकल्प है। उन्होंने आह्वान किया कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति, संस्था और संगठन इस अभियान से जुड़कर नशे के खिलाफ जन जागरण की मुहिम को मजबूत बनाए। जन सहयोग, सामाजिक सहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही हरियाणा उदय अभियान अपने उद्देश्य को सफलतापूर्वक प्राप्त कर सकेगा तथा नशा मुक्त, स्वस्थ और जागरूक हरियाणा के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।









