कालांवाली, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कालांवाली अनाज मंडी में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शहरवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन ईश्वर सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और उपस्थित लोगों को नियमित योग अपनाने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि ईश्वर सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा और संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज संपूर्ण विश्व स्वीकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की एक पद्धति है। नियमित योग से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनता है तथा तनाव और विभिन्न बीमारियों से बचाव संभव होता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें।
इस अवसर पर एसडीएम मोहित कुमार, डीएसपी ललित कुमार, वरिष्ठ भाजपा नेता शीशपाल कंबोज, ओढां बीडीपीओ अमन मित्तल, बिजली निगम के एसडीओ विक्रम कंबोज, नायब तहसीलदार सतीश कुमार, लवली गर्ग, ओम प्रकाश वाजपेयी, मोहन लाल जिंदल, नितिन गर्ग, हरविंद्र, सुभाष शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।
योग को अपनाकर स्वस्थ और तनाव मुक्त जीवन की ओर बढ़ें : ईश्वर सिंह









