×
Chaupal Tv
Haryana

पटौदी में विधायक बिमला चौधरी, सोहना में विधायक तेजपाल तंवर, मानेसर में विधायक मुकेश शर्मा तथा बादशाहपुर में विधायक लक्ष्मण यादव ने की शिरकत

गुरुग्राम, 21 जून।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला गुरुग्राम के सभी उपमंडलों में रविवार प्रातः सामूहिक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय के साथ-साथ पटौदी, सोहना, मानेसर और बादशाहपुर में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
पटौदी उपमंडल में राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक बिमला चौधरी मुख्यातिथि रहीं। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का ऐसा अमूल्य उपहार है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का माध्यम बनता है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया योग की शक्ति को स्वीकार कर रही है और इसका श्रेय भारत के नेतृत्व को जाता है, जिसने योग को वैश्विक पहचान दिलाई। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं ताकि स्वस्थ और सकारात्मक समाज का निर्माण किया जा सके।
सोहना उपमंडल के भोंडसी स्थित कार्यक्रम में विधायक तेजपाल तंवर ने कहा कि वर्तमान समय में योग तनावमुक्त और संतुलित जीवन का सबसे प्रभावी साधन है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी मजबूत करता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे और अन्य बुरी आदतों से दूर रहकर योग तथा खेल गतिविधियों से जुड़ें।
मानेसर उपमंडल में आयोजित कार्यक्रम में गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की वह धरोहर है, जो संपूर्ण मानवता को स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करता है तथा जीवन में अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग आज वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है और हमें गर्व है कि इसकी जड़ें भारत की संस्कृति में हैं।
बादशाहपुर उपमंडल में आयोजित योग कार्यक्रम में विधायक लक्ष्मण यादव मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि योग केवल स्वास्थ्य का माध्यम नहीं बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली जीवनशैली है। योग से व्यक्ति में आत्मविश्वास, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी समाधान के रूप में उभरा है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
फर्रुखनगर खंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ के चेयरमैन रामअवतार गर्ग मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में संतुलन और सकारात्मक सोच विकसित करने का सशक्त साधन है। उन्होंने कहा कि आज बदलती जीवनशैली के बीच लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है और योग इसके लिए सबसे सरल एवं प्रभावी उपाय है।
खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।