×
Chaupal Tv
Haryana

आगामी 14 जुलाई तक चल रहे एसआईआर-2026 अभियान को लेकर सभी बीएलओ को प्रपत्र डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

झज्जर, 28 जून
भारत निर्वाचन आयोग के तहत चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावी रूप से पूरा करने के लिए जिला प्रशासन पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहा है। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने जिला झज्जर के सभी चारों विधानसभा क्षेत्रों झज्जर, बेरी, बादली व बहादुरगढ़ में चल रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) प्रक्रिया के तहत चल रहे गणना प्रपत्र संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सम्बन्धित ईआरओ निरन्तर फील्ड में विजिट करते हुए बीएलओ को प्रोत्साहित भी कर रहे हैं ताकि प्रभावी रूप से कार्य अंतिम चरण में पूरा हो।
डीसी ने बीएलओ द्वारा मतदाताओं से एकत्रित किए जा रहे गणना प्रपत्रों तथा उनके डिजिटाइजेशन की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग करने की बात दोहराई। डीसी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए गणना प्रपत्र समय पर प्राप्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि एकत्रित सभी प्रपत्रों का बिना विलंब डिजिटाइजेशन किया जाए ताकि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण निर्धारित समयावधि में सफलतापूर्वक पूरा हो सके।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि 14 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान में किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं सुपरवाइजर को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा अभियान की दैनिक प्रगति पर नजर रखने के निर्देश दिए।
डीसी ने जिला झज्जर के नागरिकों से भी अपील की कि वे बीएलओ को आवश्यक दस्तावेज एवं गणना प्रपत्र समय पर उपलब्ध कराएं और मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।