×
Chaupal Tv
Haryana

परिवार के सभी सदस्य अलग-अलग मतदान केंद्र पर पंजीकृत तो फॉर्म – 8 भरकर एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित करने का कर सकते हैं अनुरोध

सिरसा, 05 जुलाई।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान कई ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में दर्ज हैं। यह इसलिए हो सकता है कि कोई भी सैक्टर या कालोनी का दो अलग-अलग मतदान केंद्रों में सैक्शन (अनुभाग) बना हुआ है, क्योंकि दोनों मतदान केन्द्र एक ही इमारत में बनाए गए हैं । इस वजह से मतदाता के रूप में पंजीकृत करने के लिए फार्म-6 दूसरे बीएलओ को दे दिए गए तथा परिवार के सभी सदस्य एक ही मतदान केन्द्र पर पंजीकृत न होकर अलग-अलग मतदान केन्द्र पर पंजीकृत है। ऐसे मतदाता फॉर्म -8 भरकर मतदान केंद्र बदलने का अनुरोध कर सकते हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि ऐसी स्थिति में संबंधित बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदान क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करेंगे, उन्हें भरवाकर प्राप्त करेंगे तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका डिजिटाइजेशन भी करेंगे। सभी पात्र मतदाताओं को अपना गणना प्रपत्र संबंधित बीएलओ को अवश्य उपलब्ध कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि परिवार चाहता है कि भविष्य में परिवार के सभी पात्र मतदाताओं का नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में हो, तो प्रारम्भिक मतदाता सूची 2026 के प्रकाशन के बाद चलने वाले दावे व आपत्तियां अवधि के दौरान प्रपत्र-8 (फॉर्म-8) भरकर मतदान केंद्र परिवर्तन का अनुरोध कर सकते है। इसके अतिरिक्त नए पात्र व्यक्तियों से अनुरोध है कि फार्म 6 भरते समय अपने परिवार के पहले से पंजीकृत सदस्य का विवरण ठीक से भरे तथा उसी मतदान केन्द्र के बीएलओ को फार्म 6 जमा करवाएं।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन विभाग सभी मतदाताओं से अपील करता है कि वे प्रारम्भिक मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अपने नाम एवं विवरण की जांच अवश्य करें। यदि परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं और उन्हें एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराना चाहते हैं, तो निर्धारित अवधि 21 जुलाई से 20 अगस्त तक प्रपत्र-8 (फॉर्म 8) भरकर आवेदन करें। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए अपने क्षेत्र के बीएलओ या फिर टोल फ्री नम्बर 1950 के माध्यम से सम्पर्क कर सकते हैं।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।