सिरसा, 17 जुलाई।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जींद में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ किया और इसके सहित लगभग 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीडीएलयू सिरसा के मल्टीपर्पज हॉल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर सभी उपस्थितजनों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के संबोधन को सुना। जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के चार लाभपात्रों को चाबी सौंपी।
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आधुनिक, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ भारत की तकनीकी क्षमता और नवाचार का प्रतीक है। यह केवल एक नई रेल सेवा नहीं, बल्कि विकसित भारत की ओर बढ़ते देश का मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में आधारभूत ढांचे, आधुनिक परिवहन, डिजिटल तकनीक और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।
सुभाष बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीरो बैलेंस पर बैंक खाते खुलने से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचना संभव हुआ है। डीबीटी व्यवस्था ने पारदर्शिता बढ़ाई है और किसानों, गरीबों, महिलाओं तथा अन्य पात्र लाभार्थियों को बिना किसी बिचौलिए के सहायता राशि मिल रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि देश में आधुनिक सड़क नेटवर्क, एक्सप्रेस-वे, रेलवे और मेडिकल कॉलेजों का तेजी से विस्तार किया गया है। दिल्ली-कटरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे तथा अन्य राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं से हरियाणा सहित उत्तर भारत के विकास को नई गति मिली है। बेहतर कनेक्टिविटी से उद्योग, व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा किसानों और व्यापारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि हरियाणा में वर्ष 2014 के बाद सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता आई है और युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार मिलने लगा है। इससे युवाओं और उनके परिवारों का सरकार पर विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक और सुशासन के क्षेत्र में हुए सुधार विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इसके लिए सरकार आधुनिक तकनीक, बेहतर आधारभूत ढांचे, पारदर्शी प्रशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने उपस्थित लोगों से सरकार के विभिन्न जनहित अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
सीडीएलयू के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने कहा कि विकास परियोजनाएं देश के आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के साथ-साथ आम नागरिकों का जीवन अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाती हैं। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर अपना योगदान दे रहा है तथा सतत विकास के सिद्धांतों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जब मजबूत इच्छाशक्ति, दूरदर्शी नेतृत्व और जनभागीदारी एक साथ जुड़ते हैं, तो बड़े से बड़ा लक्ष्य भी आसानी से हासिल किया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से ऐसे हरियाणा के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया, जो आर्थिक रूप से समृद्ध, तकनीकी रूप से सशक्त, पर्यावरण की दृष्टि से सुरक्षित तथा सामाजिक रूप से समावेशी हो। कुलगुरु ने कहा कि विकास की यह यात्रा केवल सरकार की नहीं, बल्कि हरियाणा के प्रत्येक नागरिक की साझी यात्रा है, जिसमें सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
जिलाध्यक्ष भाजपा सिरसा यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। आज देश आधुनिक रेल, सड़क, डिजिटल तकनीक और मजबूत आधारभूत ढांचे के साथ नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
जिलाध्यक्ष भाजपा डबवाली रेणू शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार ने महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीब परिवारों के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही साकार होगा और सभी को इस अभियान में अपना योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन, अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल, सीडीएलयू के रजिस्ट्रार सुशील कुमार, डीएमसी सुरेंद्र बैनीवाल, सीएमजीजीए पुरू रोहिल्ला, नगर परिषद के चेयरमैन शांति स्वरूप, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, अमीर चंद मेहता, भूपेश मेहता, शीशपाल कंबोज, राजेद्र देसूजोधा, सतीश जग्गा, हनुमान कुंड्डïु, अंबर कुमार, पूर्व विधायक रामचंद्र कंबोज, मक्खन लाल सिंगला, पूर्व चेयरमैन गुरदेव सिंह राही, अमीरचंद मेहता, नगर पार्षद सुमन शर्मा, अमन चोपड़ा, श्याम बजाज, प्रदीप रातुसरिया, गंगा सागर केहरवाला, सुमन सैनी मौजूद रहे।
हाइड्रोजन ट्रेन भारत की तकनीकी क्षमता और नवाचार का प्रतीक : सुभाष बराला









