हिसार, 30 जून।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 4 व 5 जुलाई 2026 को आयोजित करवाई जा रही हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के पारदर्शी व नकल रहित आयोजन के लिए उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों की बैठक ली और परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की हिदायत दी।
बोर्ड द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 जुलाई को सांयकालीन सत्र में दोपहर बाद 3 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा होगी तथा 5 जुलाई को प्रात:कालीन सत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 12:30 बजे तक लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा एवं सायं कालीन सत्र में दोपहर बाद 3 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा आयोजित होगी।
परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल, घड़ी, पेजर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा आरंभ होने से एक घंटा पूर्व तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जायेगी अर्थात प्रात: कालीन सत्र में 9 बजे एवं सायं कालीन सत्र में 2 बजे तक ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश की अनुमति होगी। इसके बाद परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने कि परीक्षा ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारी पूर्ण ईमानदारी व कत्र्तव्यपरायणता से ड्यूटी का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों की जांच की जाये तथा सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाये। गर्मी के मौसम के दृष्टिगत पेयजल की विशेष व्यवस्था करवाई जाये। सुरक्षा की दृष्टि से भी परीक्षा केंद्रों में सभी आवश्यक प्रबंध किये जाये।
उपायुक्त ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा अपने कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाये। उन्होंने कहा कि नेत्रहीन/अशक्त अभ्यर्थियों को 20 मिनट प्रति घण्टा के हिसाब से कुल 50 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। महिला अभ्यर्थियों को मंगलसूत्र पहनने, बिन्दी व सिंदूर लगाने की ही छूट होगी। अन्य किसी प्रकार के आभूषण जैसे अंगूठी, चैन, बालियां इत्यादि ले जाने की स्वीकृति नहीं होगी। सिख अभ्यर्थियों को धार्मिक आस्था के चिह्न ले जाने की अनुमति होगी।
बोर्ड द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों में समय पर जैमर, बायोमेट्रिक डाटा कैप्चरिंग, वीडियोग्राफी, सी.सी.टी.वी. कैमरे लगवाना सुनिश्चित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों की पहचान के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करवाई जायेगी। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिये कि परीक्षा के दिन जिला में स्थित परीक्षा केंद्रों के नजदीक डॉक्टरों की टीम सहित एंबुलेंस तैनात की जाये तथा इनमें ओआरएस के अलावा आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध हों।
परीक्षा केंद्र में बिना पहचान-पत्र किसी भी अधिकारी/कर्मचारी का प्रवेश नहीं होगा, इसलिए सभी अधिकारी/कर्मचारी अपना पहचान-पत्र साथ लेकर ही परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित रहें।
बैठक में एसडीएम ज्योति मित्तल, नगराधीश रोहित, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के प्रतिनिधियों सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी तथा परीक्षा केंद्रों से संबंधित विद्यालयों/शिक्षण संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
एचटेट परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए उपायुक्त ने ली बैठक









