बहादुरगढ़, 22 जून। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने सोमवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत बहादुरगढ़ शहरी क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर एसआईआर की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने सेक्टर-6 एवं लाइनपार क्षेत्र के बूथ पर पहुंचकर बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे गणना प्रपत्र वितरण, फॉर्म संग्रहण तथा मतदाताओं के विवरण अपडेट करने संबंधी कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच भी उनके साथ मौजूद रहे।
डीसी वर्षा खांगवाल ने बीएलओ को निर्देश दिए कि इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और प्रत्येक पात्र मतदाता तक व्यक्तिगत रूप से पहुंच बनाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बीएलओ मतदाताओं को फॉर्म भरने की प्रक्रिया भी सरल भाषा में समझाएं ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान प्रत्येक बूथ पर बीएलओ से अब तक वितरित किए गए गणना प्रपत्रों, वापस प्राप्त हुए फॉर्म तथा शेष कार्य की जानकारी ली।
हर पात्र मतदाता तक पहुंचे चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाया जा रहा विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना, पात्र नागरिकों के नाम शामिल करना, दोहरी प्रविष्टियों को समाप्त करना तथा स्थान परिवर्तन कर चुके मतदाताओं का रिकॉर्ड अपडेट करना है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची जितनी अधिक शुद्ध होगी, लोकतांत्रिक व्यवस्था उतनी ही मजबूत होगी।
बीएलओ पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएं अपनी भूमिका
जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने निरीक्षण के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने बूथ क्षेत्र में नियमित रूप से भ्रमण करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता गणना प्रपत्र प्राप्त करने या जमा करने से वंचित न रहे। जिन मतदाताओं से पहली बार संपर्क नहीं हो पाया है, उनके घर दोबारा जाकर फॉर्म उपलब्ध कराएं और समय सीमा के भीतर सभी प्रपत्र प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
किसी प्रकार की अफवाह व भ्रम से बचें, वोटर सही जानकारी देकर करें सहयोग
डीसी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि एसआईआर अभियान को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम पर ध्यान न दें। बीएलओ द्वारा उपलब्ध कराए गए गणना प्रपत्र में सही एवं पूर्ण जानकारी भरकर समय पर वापस दें। आमजन का सहयोग इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। निरीक्षण के दौरान निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।









