सिरसा, 17 जुलाई।
स्वच्छता से स्वागत अभियान के तहत स्थानीय निकाय विभाग द्वारा जिला के सरकारी एवं निजी स्कूलों में स्वच्छता और 4-बिन सेग्रीगेशन को दैनिक आदत के रूप में अपनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत नगर परिषद सिरसा, नगर परिषद मंडी डबवाली, नगर पालिका रानियां तथा नगरपालिका ऐलनाबाद में आने वाले स्कूलों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी के साथ जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र बैनीवाल ने बताया कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन, गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण तथा चार-बिन प्रणाली के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता का संदेश दिया और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।
उन्होंने बताया कि स्वच्छता से स्वागत अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखकर लोगों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना है। स्कूल स्तर पर आयोजित ऐसी गतिविधियों से बच्चों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है और वे अपने परिवार तथा समाज को भी स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे 4-बिन सेग्रीगेशन प्रणाली को अपनाकर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में अपना योगदान दें।
जिले के स्कूलों में स्वच्छता एवं 4-बिन सेग्रीगेशन विषय पर प्रतियोगिताएं आयोजित









