×
Chaupal Tv
Haryana

नागरिक योग को बनाये जीवन का हिस्सा, रहे शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ :- चेयरपर्सन मंजू हुड्डा

सांपला (रोहतक), 21 जून : जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा ने नागरिकों से अपील की कि वे योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाये। योग से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य ठीक रहता है, बल्कि मानसिक रूप से व्यक्ति स्वस्थ रहता है तथा तनाव मुक्त रहता है। केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा योग को घर-घर पहुंचाया जा रहा है तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी योग को अपनाया जा रहा है।
मंजू हुड्डा सांपला स्थित नई अनाज मंडी परिसर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के खंड स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित योग साधकों को संबोधित कर रही थी। चेयरपर्सन मंजू हुड्डा ने भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, उपमंडलाधीश अंकिता पुवार, मार्केट कमेटी चेयरमैन उदयभान मलिक, डीएसपी राकेश, नगर पालिका के पार्षदों, तहसीलदार गुलाब सिंह, नायब तहसीलदार रघुबीर व अन्य योग साधकों के साथ निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार योगासन एवं प्राणायामों का सामूहिक अभ्यास किया।
चेयरपर्सन मंजू हुड्डा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति, ऋषि परंपरा और आध्यात्मिक ज्ञान की अमूल्य धरोहर है। आज पूरी दुनिया योग की शक्ति को स्वीकार कर रही है और भारत विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रहा है। योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। विकसित भारत-2047 का सपना तभी साकार होगा, जब देश का प्रत्येक नागरिक स्वस्थ होगा। स्वस्थ नागरिक ही राष्ट्र निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकता है। योग स्वस्थ नागरिक, शिक्षित युवा, सशक्त महिलाओं और जागरूक समाज के निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।