भिवानी, 5 जुलाई। संत शिरोमणि कबीरदास महाराज की 629 वीं जयंती के उपलक्ष्य में डीएससी यूथ ब्रिगेड हरियाणा के तत्वावधान में स्थानीय पंचायत भवन में एक भव्य और शानदार समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के सहकारिता एवं कारागार मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह की अध्यक्षता पूर्व जिला पार्षद मास्टर अजीत बामला ने की तथा समारोह यूथ ब्रिगेड के प्रदेशाध्यक्ष धर्मबीर डाबला के संयोजन में आयोजित हुए। इस दौरान भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन मीना परमार, भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक तथा पूर्व विधायक शशि रंजन परमार और संदीप खरकिया विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा को डीएससी रत्न से सम्मानित किया गया। मंत्री डॉ. शर्मा ने अपने संबोधन के माध्यम से डीएससी समाज से अपने बच्चों को उच्च शिक्षित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चे हमारी असली पूंजी होते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को संस्कारवान बनाएं। उन्होंने कार्यक्रम आयोजक डीएससी यूथ ब्रिगेड संस्था को पांच लाख रुपए सहायता राशि देने की घोषणा की। मंत्री ने समाज के होनहार बच्चों को सम्मानित किया। मास्टर अजीत बामला ने अपने पूर्व पदों को त्यागते हुए जल्द ही बड़े मंच पर समाज के लोगों के बीच भाजपा में शामिल होने की घोषणा की।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि उनके दादा और पिता भी कबीर पंथी थे, वे अपने निवास स्थान पर हर साल 10 से 12 नवंबर तक सत्संग और भंडारे का आयोजन करते हैं। उन्होंने कहा कि संत कबीरदास ने मानवता और सेवाभाव का संदेश दिया, जो सबसे बड़ा होता है। संत कबीरदास महाराज की शिक्षाएं हमेशा प्रासंगिक रहेंगी। वे सर्व समाज के थे। उनका उपदेश समाज के हर वर्ग के लोगों के लिए है। उन्होंने कहा कि इंसान के अंदर सेवा का भाव होना चाहिए। इसी सेवा भाव से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी लोगों की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने चुनाव में अपने संकल्प पत्र में डीएससी समाज को उनका वाजिब हक दिलाने का वादा किया था, जो सरकार आते ही पूरा करने का काम किया। उन्होंने कहा कि सरकार डीएससी समाज के साथ-साथ सभी वर्गों की भलाई के लिए कार्य कर रही है। इस दौरान डीएससी समाज द्वारा एक मांगपत्र मंत्री को सौंपा गया, जिसको उन्होंने मुख्यमंत्री के माध्यम से पूरा करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जो वादा करते हैं। डीएससी समाज की कभी उपेक्षा नहीं होने दी जाएगी।
समारोह को संबोधित करते हुए भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि आने वाला समय देश, प्रदेश और समाज के लिए गौरवशाली होगा। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढऩे का आधार शिक्षा है। कबीरदास महाराज के उपदेशों को अपने जीवन में ढालना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री निवास स्थान का नाम संत कबीर कुटीर रखा, जो समाज को एकता के सूत्र में बांधने का संदेश देता है।
बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने कहा कि हमें संत कबीरदास द्वारा दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने समाज में एकता व समरसता का संदेश दिया। उन्होंने महिलाओं का सम्मान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं ही घर व समाज को आगे बढाने का काम करती हैं। उन्होंने कहा कि वे डीएससी समाज द्वारा सौंपी जाने वाली हर जिम्मेदारी को पूरा करने काम करेंगे। वे समाज के हित के लिए हमेशा तत्पर हैं।
हरियाणा महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना परमार ने कहा कि संत कबीरदास ने समाज में समरसता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संत किसी विशेष जाति विशेष के नहीं होते हैं। उन्होंने कहा कि हमें जाति-पात से उपर उठकर संत कबीर दास महाराज के उपदेशों का अपने जीवन में धारण करना है।
भाजपा के जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने कहा कि सरकार हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ रही है। सरकार की सोच अंत्योदय की भावना से नीतियों को लागू करने की है। उन्होंने कहा कि हम सब एक इंश्वर की संतान हैं। हमें मिलजुल कर समाज व देश को आगे बढ़ाना है। समाज की व्याप्त कुरीतियों को मिटाना है।
इस दौरान समारोह की अध्यक्षता कर रहे पूर्व जिला पार्षद मास्टर अजीत बामला तथा समारोह के संयोजक यूथ ब्रगेड के प्रदेशाध्यक्ष धर्मबीर डाबला ने डीएससी समाज की मांगों को जोरदार ढंग से रखा। उन्होंने कहा कि डीएससी समाज सरकार के साथ खड़ा है और रहेगा। उन्होंने समाज को सरकार में उचित हक दिलाने की मांग रखी।
समारोह के दौरान डॉ. शर्मा को एक मांग पत्र सौंपा गया, जिसमें डीएससी समाज के लिए लागू किए गए आरक्षण को सुरक्षित रखने वास्ते विधानसभा के माध्यम से कानून पारित करवाने, प्रमोशन में डीएससी समाज को दस प्रतिशत आरक्षण देने, एकेआरएन, बोर्ड और निगमों में वंचित समाज को आरक्षण देने तथा भिवानी के जीतू पतित पावन पाठशाला में कमरों के नव निर्माण के लिए सहायता राशि की मांग रखी, जिसको डॉ. शर्मा ने मुख्यमंत्री से मिलकर हर संभव पूरा करवाने का आश्वासन दिया। समारोह में पूर्व विधायक शशि रंजन परमार व रामेश्वर गोलागढ सहित अनेक प्रबुद्ध लोगों ने भी अपने विचार रखे। समारोह में छात्रा कनिष्का ने संत कबीरदास महाराज पर जोरदार भाषण दिया, जिस पर खुश होकर मंत्री ने उनको 5100 रुपए ईनाम स्वरूप भेंट किए।
कैबिनेट मंत्री डॉ. शर्मा, विधायक घनश्याम सर्राफ, विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, चेयरपर्सन मीना परमार, भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक सहित सभी विशिष्ट मेहमानों ने संत कबीरदास महाराज के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर उनको नमन किया। कार्यक्रम में मंत्री का फूल मालाओं व फूलों के बड़े हार व स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
इस दौरान नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि एवं पार्षद भवानी प्रताप सिंह, बवानीखेड़ा नगर पालिका चेयरमैन सुंदर अत्री, महंत चरणदास महाराज, भाजपा जिला महामंत्री रेखा राघव, जिला सचिव पिंकी नागर, गुड्डïी देवी करतार सिंह बडेसरा, डॉ. रामनारायण, बलवान आर्य, डॉ. राज कुमार, बलबीर बहल, बाबू लाल इंदौरा, विकास पचेरवाल, आजाद प्रधान, लोकराम तुर्किया, ईश्वर सोलंकी, निहाल सिंह सोलंकी, बजरंग गुजरानी, श्रीनिवास नागर, शेखर सोलंकी, प्राचार्य रामफल, मदन जिला पार्षद, राज कुमार शर्मा व शिवराज सहित डीएससी समाज तथा सर्व समाज के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
डीएससी यूथ ब्रिगेड हरियाणा के तत्वावधान में आयोजित हुआ समारोह









