फरीदाबाद, 22 जून।
भारत सरकार की महत्वाकांक्षी भारतनेट उद्यमी (BharatNet Udyami) योजना ग्रामीण क्षेत्रों में ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवाओं को प्रत्येक घर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। यह जानकारी बीएसएनएल फरीदाबाद के वरिष्ठ महाप्रबंधक डॉ. डी.एन. कात्यायन ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतनेट परियोजना के तहत देशभर में 1.5 करोड़ ब्रॉडबैंड कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस योजना से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच डिजिटल अंतर (Digital Divide) को कम करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, ई-गवर्नेंस एवं डिजिटल सेवाओं की पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी।

डॉ. कात्यायन ने बताया कि योजना के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायत कार्यालयों, चौपाल, किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूलों एवं अन्य सरकारी संस्थानों को हाई-स्पीड इंटरनेट सेवाओं से जोड़ा जा रहा है जोकि निःशुल्क हैं। फरीदाबाद एवं पलवल जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी इंटरनेट सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा सकें।

डॉ. कात्यायन ने कहा कि भारतनेट उद्यमी योजना केवल डिजिटल कनेक्टिविटी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण युवाओं के लिए स्वरोजगार और आय सृजन का एक प्रभावी माध्यम भी बन रही है। बीएसएनएल द्वारा स्थानीय उद्यमियों को भारतनेट उद्यमी (BNU) के रूप में कार्य करने का अवसर दिया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक कनेक्शन से प्राप्त आय का 50 प्रतिशत हिस्सा स्थानीय उद्यमी को प्रदान किया जाता है।

उन्होंने विशेष रूप से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITIs) एवं कौशल विकास केंद्रों के विद्यार्थियों से इस योजना से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि वे भारतनेट उद्यमी बनकर केंद्र सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना में भागीदारी के साथ-साथ प्रतिमाह आकर्षक आय अर्जित कर सकते हैं।

डॉ. कात्यायन ने बताया कि बीएसएनएल द्वारा गांवों के सरपंचों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी निरंतर संपर्क किया जा रहा है, ताकि वे अपने गांवों के बेरोजगार युवाओं को इस योजना से जोड़ने के लिए प्रेरित करें और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकें।

उन्होंने कहा कि बीएसएनएल दूरसंचार बाजार में किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भारतनेट उद्यमी योजना के माध्यम से डिजिटल समावेशन और ग्रामीण सशक्तिकरण को नई गति प्रदान की जा रही है।