सिरसा, 09 जुलाई।
विश्व जनसंख्या दिवस के उपलक्ष्य में वीरवार को नागरिक अस्पताल सिरसा में आमजन को परिवार नियोजन एवं जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जागरूक किया गया।
सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस के उपलक्ष्य में 11 जुलाई से 18 जुलाई तक जिले में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान सभी सरकारी अस्पतालों में नलबंदी एवं नसबंदी के विशेष ऑपरेशन शिविर लगाए जाएंगे तथा योग्य दंपत्तियों को परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि नागरिक अस्पताल सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर परिवार कल्याण के विभिन्न साधन जैसे कॉपर-टी, कंडोम, माला-डी, अंतरा इंजेक्शन एवं छाया आदि निःशुल्क उपलब्ध हैं। परिवार नियोजन अपनाने वाले पात्र दंपत्तियों को सरकार द्वारा निर्धारित प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है।
डॉ. पवन कुमार ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस का उद्देश्य बढ़ती जनसंख्या से जुड़ी चुनौतियों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा परिवार नियोजन, प्रजनन स्वास्थ्य और जनसंख्या संतुलन के महत्व को समझाना है। बढ़ती जनसंख्या का प्रभाव प्राकृतिक संसाधनों, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, रोजगार और पर्यावरण पर पड़ता है। इसलिए जनसंख्या स्थिरता के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।
उप सिविल सर्जन एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रभारी डॉ. भारत भूषण मित्तल ने कहा कि भारत विश्व का सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश है। बढ़ती जनसंख्या जहां आर्थिक विकास के अवसर प्रदान करती है, वहीं संसाधनों पर बोझ भी बढ़ाती है। इसलिए जनसंख्या संतुलन बनाए रखना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को जनसंख्या वृद्धि, पर्यावरण संरक्षण, लैंगिक समानता, प्रजनन स्वास्थ्य तथा परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि 11 जुलाई (शनिवार) को राजकीय एएनएम प्रशिक्षण स्कूल की छात्राओं द्वारा जनजागरूकता रैली भी निकाली जाएगी।
पुरुष नसबंदी पूरी तरह सुरक्षित एवं सरल प्रक्रिया
उप सिविल सर्जन डॉ. भारत भूषण मित्तल ने कहा कि पुरुष नसबंदी करवाने से किसी भी प्रकार की शारीरिक कमजोरी नहीं आती। यह परिवार नियोजन का एक सुरक्षित, सरल एवं प्रभावी उपाय है। परिवार नियोजन संबंधी किसी भी जानकारी अथवा परामर्श के लिए इच्छुक व्यक्ति नागरिक अस्पताल सिरसा के कमरा नंबर-21 में संपर्क कर सकते हैं।
किशोरावस्था परामर्शदाता कमल कक्कड़ ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा समय-समय पर विभिन्न जागरूकता अभियान एवं पखवाड़े आयोजित किए जाते हैं, जिनके माध्यम से आमजन को परिवार नियोजन के उपायों और उनके लाभों की विस्तृत जानकारी दी जाती है। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाकर परिवार एवं समाज को स्वस्थ और समृद्ध बनाया जा सकता है।









