×
Chaupal Tv
Haryana

गीता में पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति सम्मान का दिव्य संदेश निहित है: गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज

भिवानी, 18 जुलाई। तीन दिवसीय प्रवास एवं गीता अमृत कार्यक्रम के समापन अवसर पर गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज ने अंचल अस्पताल परिसर में गीता श्लोक उच्चारण व वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच यज्ञ-हवन संपन्न कराया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को दिव्य गीता प्रसंग पर व्याख्यान देकर प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता केवल मानव जीवन का मार्गदर्शक ग्रंथ नहीं है, बल्कि समस्त सृष्टि, जीव-जंतुओं, वनस्पतियों और प्रकृति के संरक्षण का भी दिव्य संदेश देती है। गीता में प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने, सभी प्राणियों के प्रति करुणा रखने और पर्यावरण को ईश्वर का स्वरूप मानकर उसकी रक्षा करने की प्रेरणा दी गई है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में यज्ञ-हवन का विशेष महत्व है। यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि पर्यावरण की शुद्धि, सकारात्मक ऊर्जा के संचार और सामाजिक समरसता का भी माध्यम है। यज्ञ हमें त्याग, सहयोग और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भाव सिखाता है। जब मनुष्य प्रकृति के नियमों के अनुरूप जीवन जीता है, तभी समाज और पर्यावरण दोनों सुरक्षित रह सकते हैं।
गीता मनीषी ने कहा कि आज बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों के दौर में गीता के सिद्धांत पहले से अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग का संकल्प लेना चाहिए। यही सच्चे अर्थों में गीता के संदेश का पालन है।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक डॉक्टर विनोद अंचल व डॉ अनीता अंचल ने गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि महाराज जी ने छोटी काशी के श्रद्धालुओं को गीता अमृत रस पान करवा कर धन्य कर दिया। उन्होंने कहा कि महाराज ने दो दिन पहले अस्पताल से ही गर्भ संस्कार में गीता का महत्व पर पुस्तक तैयार करने की घोषणा की है यह अनूठी पहल चिकित्सकों के अथक प्रयासों से सफल होगी।
कार्यक्रम में अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता, गीता प्रेमी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। यज्ञ-हवन में सभी ने आहुतियां अर्पित कर विश्व शांति, स्वस्थ समाज और स्वच्छ पर्यावरण की कामना की।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।