×
Chaupal Tv
Haryana

हिसार में भव्य रोज़गार मेले का आयोजन: कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने किया उद्घाटन, युवाओं को मिली सीधी भर्ती की राह

हिसार, 18 जुलाई।
हरियाणा के युवाओं को रोज़गार के बेहतर अवसर प्रदान करने और उनके भविष्य को उज्जवल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को एक भव्य रोज़गार मेले का आयोजन किया गया। यह मेला मंडल रोज़गार कार्यालय तथा गुरु गोरखनाथ जी राजकीय महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
मेले का आयोजन राजकीय महाविद्यालय के सावित्रीबाई फुले ब्लॉक में किया गया, जहाँ सुबह से ही नौकरी की तलाश में आए युवाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। लगभग चार हज़ार सात सौ से भी अधिक प्रतिभागियों ने भागीदारी दर्ज करवाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें निजी क्षेत्र में बेहतर करियर विकल्प प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि रोजगार मेले युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का एक सशक्त माध्यम हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे युवाओं को अपने कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिलती है तथा वे आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनकर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। रोजगार मेले युवाओं और नियोक्ताओं के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य करते हैं, जिससे योग्य उम्मीदवारों को रोजगार प्राप्त करने में आसानी होती है।
कैबिनेट मंत्री ने ने उपस्थित युवाओं के उत्साह और ऊर्जा की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि हमारे युवा ही विकसित भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं में अपार प्रतिभा, ऊर्जा और क्षमता है, जिसे सही दिशा और अवसर मिलने पर वे देश एवं प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ज़िला उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेश दुहन मौजूद रहीं। वहीं, कार्यक्रम की संरक्षक (Patron) एवं गुरु गोरखनाथ जी राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. अंजू चौधरी ने आए हुए सभी अतिथियों और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों का स्वागत किया। मंडल रोज़गार अधिकारी पंकज कुमार ने रोज़गार मेले के बारे में बताया तथा मेले की सराहना की।
इस रोज़गार मेले में देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। मेले की मुख्य विशेषताएं इस प्रकार रहीं। सिर सीधी भर्ती कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों का मौके पर ही इंटरव्यू लिया गया और शॉर्टलिस्ट किया गया।
 डिजिटल रजिस्ट्रेशन: युवाओं की सुविधा के लिए क्यूआर कोड आधारित पंजीकरण की व्यवस्था की गई थी, जिससे पंजीकरण प्रक्रिया काफी आसान रही।
 करियर काउंसलिंग: रोज़गार कार्यालय के अधिकारियों द्वारा युवाओं को करियर को सही दिशा देने के लिए उचित मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। मीडिया प्रभारी प्रो. मनोज कुमार व डॉ .राजपाल ने बताया कि यह मेला हमारे युवाओं के लिए बेहतर करियर की ओर एक कदम आगे बढ़ाने का सुनहरा अवसर है। हमारा उद्देश्य है कि हर योग्य उम्मीदवार को उसकी प्रतिभा के अनुसार सही मंच मिले। प्लेसमेंट सेल के इंचार्ज डॉ. सतीश वर्मा ने प्लेसमेंट सेल के सभी सदस्यों, एन.एस.एस तथा एन.सी.सी. अधिकारीयों, एन. एस . एस के विद्यार्थियों का धन्यवाद किया।
खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।