झज्जर, 08 जुलाई।
डीसी वर्षा खांगवाल ने बुधवार की शाम अधिकारियों के साथ झज्जर शहर के शहीदी पार्क,दिल्ली गेट, सीता राम गेट, छारा चुंगी,बीकानेर चौक,अंबेडकर चौक सहित शहर के कई क्षेत्रों का दौरा करते हुए जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ एडीसी एवं डीएमसी जगनिवास व नगर परिषद के अध्यक्ष जिले सिंह सैनी भी साथ रहे।
डीसी ने कहा कि ऐतिहासिक नगरी झज्जर को स्वच्छता के मामले में आगे लेकर जाना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी बनती है। बरसाती सीजन के दौरान नालों में प्लास्टिक व किसी प्रकार का कचरा ना डाला जाए ताकि जल निकासी व्यवस्था बाधित न हो सके। उन्होंने कहा कि फिलहाल बरसाती सीजन के चलते नाले व सीवरेज लाइन चॉक नहीं हो,इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारी सभी व्यवस्था दुरुस्त रखें। डीसी ने स्पष्ट किया कि अगर कहीं जल निकासी को लेकर किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न होता है,तो संबंधित विभाग की जवाबदेही तय होगी। उन्होंने कहा कि शहर में गंदगी और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, नियमनुसार चालान किए जाएं।
डीसी ने कहा कि झज्जर शहर को सफाई के मामले में अग्रणी बनाने के लिए प्रशासन सक्रिय है। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर गंदगी रहती है,ऐसे स्थानों की सफाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान डीसी ने नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था बनाये रखते हुए व सड़को पर किसी प्रकार का जलभराव नहीं होना चाहिए, इस कार्य की नियमित रूप से मॉनीटिरिंग होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि जहां भी पानी की निकासी अवरुद्ध है, उसको दुरुस्त किया जाए। उन्होंने दिल्ली गेट और शहीदी पार्क क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था के साथ साथ नालों की सफाई के निर्देश दिए। इसके लिए जल निकासी का स्थाई समाधान सुनिश्चित किया जाए ।
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों के साथ झज्जर शहर में स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था का लिया जायजा









