सिरसा, 6 जुलाई। माहेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट एवं माहेश्वरी सभा की बैठक स्थानीय माहेश्वरी भवन में नवनियुक्त अध्यक्ष अजय राठी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। यह जानकारी देते हुए ट्रस्ट के प्रवक्ता राम माहेश्वरी ने बताया कि बैठक में विशेष अतिथि के रूप में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश एवं जम्मू-कश्मीर प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के संगठन मंत्री आनंद बियानी ने भाग लिया। बैठक में वर्ष 2026-29 के लिए गठित नई कार्यकारिणी ने समाजहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए आनंद बियानी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया अब समाप्त हो चुकी है। ऐसे में सभी मतभेदों को भुलाकर समाज की एकता, भाईचारे और विकास के लिए कार्य करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों का दायित्व है कि वे समाज के प्रत्येक व्यक्ति एवं प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलें तथा सेवा और सद्भाव की भावना को सर्वोपरि रखें।
उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा द्वारा जन्म से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार एवं गंभीर बीमारियों के उपचार तक समाज के लोगों की सहायता के लिए विभिन्न ट्रस्ट संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आग्रह किया कि इन योजनाओं एवं ट्रस्टों का लाभ समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का गंभीर प्रयास करें।
आनंद बियानी ने माहेश्वरी भवन के विकास और आधुनिकीकरण पर भी जोर देते हुए कहा कि भवन में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाना चाहिए, ताकि समाज के लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे अगले एक माह के भीतर भवन के विकास तथा समाज के उत्थान से जुड़े अपने सुझाव प्रस्तुत करें, जिससे भविष्य की कार्ययोजना तैयार की जा सके।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समाज के विभिन्न कार्यों को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए शीघ्र ही परामर्श समिति, लीगल सेल, भवन निर्माण समिति, परचेज समिति, अकाउंट कंट्रोल समिति तथा डिसिप्लिन समिति सहित अन्य समितियों का गठन किया जाएगा। इन समितियों के गठन से पूर्व क्षेत्र के प्रबुद्ध माहेश्वरी जनों से विचार-विमर्श भी किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरने तथा समाजबंधुओं के विश्वास को बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया। अंत में आनंद बियानी सहित सभी उपस्थित सदस्यों ने सिरसा के समस्त माहेश्वरी समाज का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष अजय राठी, उपाध्यक्ष त्रिलोक राठी एवं पदम बियानी, सचिव संजय बागड़ी, कोषाध्यक्ष मुकेश मंत्री, राजकुमार पेड़ीवाल, रामकिशन सुखानी, गौरीशंकर राठी, प्रतीक राठी, सह-सचिव प्रवीण चांडक, राजीव चांडक, विशाल सारड़ा, पवन लखोटिया, रोहित राठी, नवीन राठी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।









