भिवानी,: चौ. बंसी लाल राजकीय बहुतकनीकी संस्थान की प्राचार्या डा.गीता गुलिया ने कहा कि डिजिटल होते समाज और बढ़ते ऑनलाइन खतरों के कारण साइबर सुरक्षा क्षेत्र में रोजगार की असीम संभावनाएं पैदा हो गई हैं। लगभग सभी सरकारी और निजी क्षेत्रों—जैसे फाइनेंस, स्वास्थ्य, और तकनीकी—में योग्य प्रोफेशनल्स की भारी मांग है, जिससे इस सेक्टर में बेरोजगारी की दर लगभग शून्य है। वे यहां संस्थान में एक गोष्ठी को संबोधित कर रही थी। उन्होंने इस अवसर पर बताया कि चौ. बंसी लाल राजकीय बहुतकनीकी, सेक्टर-13, भिवानी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए डिप्लोमा इंजीनियरिंग एवं डिप्लोमा लेटरल एंट्री (सीधा द्वितीय वर्ष) की रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु संस्थान स्तर की मैनुअल काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। संस्थान प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से 7 जुलाई 2026 को दोपहर 1:00 बजे तक संस्थान में आवेदन पत्र जमा करवाने की अपील की है।
संस्थान द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 08 जुलाई को संस्थान स्तर की मैनुअल काउंसलिंग हेतु इंटर-से-मेरिट/रैंक घोषित की जाएगी। 09 जुलाई को सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए संस्थान स्तर की मैनुअल काउंसलिंग आयोजित होगी, जबकि 10 जुलाई को सभी आरक्षित श्रेणियों के विलय के बाद बिना किसी आरक्षण के शेष रिक्त सीटों पर मैनुअल काउंसलिंग कर प्रवेश दिए जाएंगे।
संस्थान में साइबर फॉरेंसिक एंड इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर इंजीनियरिंग, फूड टेक्नोलॉजी, इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल इंजीनियरिंग, फैशन टेक्नोलॉजी तथा फैशन डिजाइन शाखाओं में प्रवेश उपलब्ध हैं।
प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का दसवीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है, जबकि लेटरल एंट्री (द्वितीय वर्ष) के लिए 10+2 (मेडिकल/नॉन-मेडिकल) अथवा न्यूनतम दो वर्षीय आईटीआई उत्तीर्ण होना आवश्यक है। प्रवेश हरियाणा सरकार के निर्धारित नियमों के अनुसार किए जाएंगे।
प्रवेश शुल्क के संबंध में संस्थान ने बताया कि प्रथम सेमेस्टर में छात्रों के लिए 4600 रुपये तथा छात्राओं के लिए 3100 रुपये शुल्क निर्धारित है। इसमें प्रथम सेमेस्टर की फीस के साथ 1500 रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी राशि भी शामिल है। जिन अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग फीस पहले जमा नहीं करवाई है, उन्हें 500 रुपये अतिरिक्त काउंसलिंग शुल्क जमा करवाना होगा। वहीं द्वितीय से छठे सेमेस्टर तक छात्रों के लिए 2850 रुपये तथा छात्राओं के लिए 1350 रुपये प्रति सेमेस्टर शुल्क निर्धारित किया गया है।
संस्थान प्रशासन ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश के समय अपने मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी संस्थान के एडमिशन हेल्प डेस्क के मोबाइल नंबर 9068913008 एवं 9466234560 पर कार्यालय समय में संपर्क कर सकते हैं।
संस्थान की प्राचार्य ने बताया कि 10 जुलाई 2026 के बाद यदि सीटें रिक्त रहती हैं तो प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर तथा हरियाणा सरकार के नियमों के अनुसार दिए जाएंगे।
चौ. बंसी लाल राजकीय बहु तकनीकी में डिप्लोमा दाखिले के लिए मैनुअल काउंसलिंग 8 से 10 जुलाई तक









