×
Chaupal Tv
Haryana

हरियाणा उदय आउटरीच कार्यक्रम 11 जुलाई को पंचकूला में

झज्जर, 02 जुलाई
हरियाणा उदय आउटरीच कार्यक्रम के तहत आयोजित जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आमजन को नशे की बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित हरियाणा उदय आउटरीच अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम लोगों में नई ऊर्जा का संचार करने में सहभागी बनेगा। कार्यक्रम की तैयारियों एवं जिलों से व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक की।
झज्जर में वीसी उपरांत डीसी वर्षा खांगवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 11 जुलाई को पंचकूला स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी नशा मुक्ति के क्षेत्र में कार्यरत सामाजिक संगठनों, गैर-सरकारी संस्थाओं (एनजीओ), मेडिकल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में जिला से भी उल्लेखनीय भागीदारी रहेगी।
डीसी ने पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हरियाणा उदय आउटरीच अभियान के अंतर्गत जिलेभर में विशेष जागरूकता अभियान समयानुसार चलाए जाएंगे। विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संस्थाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त हरियाणा केवल सरकार का अभियान नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक संकल्प है। जनसहयोग, सामाजिक सहभागिता और प्रभावी प्रशासनिक प्रयासों से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर एसीपी अनिरुद्ध चौहान, डीईईओ राजबाला मलिक व डीआईपीआरओ दिनेश कुमार मौजूद रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।