हिसार, 01 जुलाई।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ राजबीर सिंह ने बताया कि कृषि विभाग की एग्री शक्ति नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत वर्ष 2026-27 में जिले में ड्रोन के माध्यम से फसलों पर दवाइयों एवं खाद का छिडक़ाव किया जाएगा। जिले में फिलहाल 7 ड्रोन दीदियां पंजीकृत हैं, जिनके माध्यम से किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इससे दवाइयों और उर्वरकों का संतुलित उपयोग होगा, समय और लागत की बचत होगी तथा भूमि को हानिकारक रसायनों के दुष्प्रभाव से भी बचाया जा सकेगा। इसके साथ ही कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी और उनकी आय में भी वृद्धि होगी। डॉ राजबीर सिंह ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे agriharyana.gov.in पोर्टल पर 20 जुलाई 2026 तक ड्रोन से छिडक़ाव के लिए पंजीकरण करवाएं। किसान अपने क्षेत्र की ड्रोन दीदी से 150 रुपये प्रति एकड़ की दर से फसलों में छिडक़ाव करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर विभाग द्वारा ड्रोन दीदियों की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें योजना के प्रभावी संचालन एवं तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर सहायक कृषि अभियंता गोपी राम सांगवान, एसडीएओ अजीत सिंह, एसएमएस डॉ गरिमा दहिया, तकनीकी सहायक राजबीर भाटिया, कृषि विकास अधिकारी कपिल सैनी आदि मौजूद रहे।









