रोहतक, 1 जुलाई : मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अंबाला जिला के नारायणगढ़ से अमृत सरोवर योजना के तहत वर्चुअली प्रदेशभर के 325 अमृत सरोवरों का उद्घाटन किया। इन अमृत सरोवरों के जीर्णोद्घार पर लगभग 223 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की गई है। लोकार्पित किये गए इन अमृत सरोवरों में जिला रोहतक के 6 सरोवर शामिल है, जिनका जीर्णोद्धार किया गया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अप्रैल 2022 में जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण इत्यादि के उद्देश्य से अमृत सरोवर परियोजना का शुभारंभ देशभर में किया था।
स्थानीय स्तर पर उपायुक्त सचिन गुप्ता ने स्थानीय जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए सभागार में मेयर रामअवतार वाल्मीकि, भाजपा के जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर सिंह ढाका, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, प्रदेश सचिव रेनू डाबला, दीपक निवास हुड्डा, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, सांपला मार्केट कमेटी के चेयरमैन उदयभान मलिक के साथ जिला में पुनर्जीवित किये गए 6 अमृत सरोवरों का विधिवत उद्घाटन किया। इससे पूर्व सभी अतिथिगण ने ज्ञान की देवी सरस्वती की प्रतिमा के समुख दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि महम खंड के 6 गांवों में 6 तालाबों के जीर्णोद्धार कार्य पर 4 करोड़ 38 लाख रुपये की धनराशि खर्च की गई है। महम खंड के गांव भराण जिंदराण में सदनसर तालाब, फरमाणा खास में धामा वाला तालाब, किशनगढ़ में मेरु वाला तालाब, मोखरा खास में मंडाली तालाब, निंदाना खास में कालसर तालाब तथा सीसर खास में गुगाना तालाब का जीर्णोद्धार किया गया है। जिला में योजना के तहत 18 अन्य तालाबों का जीर्णोद्धार कार्य जारी है।
सचिन गुप्ता ने कहा कि परियोजना के तहत तालाबों से गंदे पानी की निकासी, गाद निकालना, किनारों को सुदृढ़ करना, तालाब के चारों ओर पौधारोपण करना तथा बैंच स्थापित करना आदि कार्य शामिल है। अमृत सरोवर परियोजना के तहत पुनर्जीवित किये जा रहे तालाबों का शहीदों के नाम पर नामकरण किया जा रहा है। इस अवसर पर नगराधीश शुभम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, ब्लॉक समितियों के चेयरमैन नवनीत राठी, नीरज व टीनू, पंचायतीराज विभाग के कार्यकारी अभियंता नवीन कुमार व संबधित ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बॉक्स :-
गांव संपन्न होने से देश होगा समृद्ध :- मेयर राम अवतार वाल्मीकि
मेयर राम अवतार वाल्मीकि ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई अमृत सरोवर परियोजना के तहत मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जिला में सरोवरों के जीर्णोद्धार का कार्य जारी है। आज 6 अमृत सरोवरों का लोकार्पण किया गया है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे अपने गांव में स्थित तालाबों का सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार करें। प्राचीन समय से सामूहिक कार्यों को पंचायत स्तर पर किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि गांव संपन्न होने से देश समृद्ध होगा तथा तालाब स्वच्छ होने से पर्यावरण भी स्वच्छ होगा।
बॉक्स :-
जन प्रतिनिधि गांव में स्थित तालाबों का करवाये जीर्णोद्घार :- एडवोकेट रणवीर सिंह ढाका
भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर सिंह ढाका ने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण परियोजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र के तालाबों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। प्राचीन समय में ग्रामीण मिलकर गांवों के तालाबों की सफाई करते थे तथा तालाबों के चारों ओर पौधे भी लगाते थे। इससे पर्यावरण संरक्षित रहता था तथा पशुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होता था। उन्होंने पंचायतीराज प्रतिनिधियों से अपने गांवों में स्थित सभी तालाबों का सामूहिक रूप से जीर्णोद्घार करवाने को कहा।
बॉक्स :-
– तालाब केवल जलाशय नहीं, है हमारी धरोहर :- जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डा
जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में स्थित तालाब केवल जलाशय नहीं है, बल्कि वो हमारी धरोहर है। प्राचीन समय में गांव के तालाब सामाजिक मुद्दों पर वार्तालाप के स्थल के रूप में प्रयुक्त होते रहे है। तालाबों के सौंदर्यीकरण व जीर्णोद्धार से भूमिगत जल के स्तर में वृद्धि होगी तथा भावी पीढ़ी को हम स्वच्छ पर्यावरण एवं परिवेश दे सकेंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए समृद्ध गांव का संकल्प लेना होगा। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार द्वारा पारदर्शिता के साथ एक समान विकास कार्य करवाये जा रहे है।
बॉक्स :-
परियोजना के अनुसार हर जिला में 75 तालाबों को पुनर्जीवित करने का है लक्ष्य :- राजपाल चहल
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी तथा जिला परिषद के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजपाल चहल ने कहा कि अप्रैल 2022 में केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई अमृत सरोवर परियोजना का लक्ष्य देशभर में 50 हजार तालाबों को पुनर्जीवित करना था। ग्रामीण क्षेत्र में तालाब प्राचीन समय से मिनी चौपाल के रूप में प्रयुक्त होते रहे है। गांव के मौजिज व्यक्ति इन तालाबों के नीचे पेड़ों की छाया में गांव के महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते थे।
उन्होंने कहा कि योजना के तहत प्रत्येक जिला में 75 तालाबों को पुनर्जीवित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला के 6 तालाबों को जीर्णोद्धार के बाद आज लोकार्पित किया गया है। परियोजना के प्रावधान के अनुसार तालाबों की सफाई, गाद निकालना, किनारों को मजबूत करना व चारों और पेड़ लगाकर पर्यावरण को हरा भरा बनाना है। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल व पंचायतीराज विभाग के कार्यकारी अभियंता नवीन कुमार ने कार्यक्रम के सभी अतिथिगण का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वर्चुअली प्रदेशभर के 325 अमृत सरोवरों का किया उद्घाटन









