झज्जर, 1 जुलाई
आगामी मानसून को देखते हुए जिला प्रशासन ने जलभराव की संभावित समस्या से निपटने के लिए पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए हैं। विभागीय स्तर पर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने पर पूरा फोकस किया जा रहा है। जिला में जल निकासी व्यवस्था प्रभावी रूप से क्रियान्वित हो इसके लिए बुधवार को डीसी वर्षा खांगवाल ने जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना व सम्बन्धित अधिकारियों के साथ फील्ड विजिट करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
डीसी वर्षा खांगवाल ने रेवाड़ी रोड स्थित ड्रेन, कोसली रोड स्थित एसटीपी प्लांट, कलोई के पास से निकल रही ड्रेन नम्बर 8 सहित अन्य जल निकासी प्रंबधों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने नालों की सफाई, सीवरेज व्यवस्था, जल निकासी के लिए लगाए गए पंपसेट तथा अन्य मशीनरी की कार्यक्षमता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी नालों और ड्रेन की नियमित सफाई कराई जाए ताकि वर्षा के दौरान पानी का निर्बाध निकास हो सके और कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
डीसी वर्षा खांगवाल ने निर्देश दिए कि सभी पंपसेट पूरी तरह कार्यशील अवस्था में रहें तथा मानसून के दौरान पंप ऑपरेटरों की 24 घंटे ड्यूटी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में डीजी सेट पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश भी दिए।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य मानसून के दौरान नागरिकों को सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता से कार्य करें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयार रहें। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एसडीएम झज्जर रवि मीणा, सिंचाई विभाग के एसई सतीश जनावा, एक्सईएन प्रतिभा मुदगिल सहित अन्य सम्बन्धित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
जल निकासी व्यवस्था सुचारू रखने के लिए सम्बन्धित विभाग रहें सजग









