झज्जर, 29 जून
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने जिला भर के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.)-2026 अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध, पारदर्शी एवं अपडेट बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। यदि किसी मतदाता का नाम पहले से मतदाता सूची में दर्ज है, तब भी उसे गणना फॉर्म (ई-फॉर्म) भरना आवश्यक है।
*एसआईआर के तहत 22 सितंबर, 2026 को होगा अंतिम मतदाता सूची प्रकाशन*
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि आगामी 14 जुलाई, तक जिला में सभी 807 बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना फॉर्म भरवाने उपरांत पात्र मतदाताओं से वापिस ले रहे हैं। इस दौरान प्रपत्र के प्रत्येक मतदाता सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करते हुए लोकतंत्र में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि 14 जुलाई, 2026 को मतदान केंद्रों का युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) किया जाएगा। इसके बाद 21 जुलाई, 2026 को मतदाता सूची का प्रारंभिक (ड्राफ्ट) प्रकाशन होगा।
उन्होंने बताया कि 21 जुलाई से 20 अगस्त, 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। वहीं 21 जुलाई से 18 सितंबर, 2026 तक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निपटारा किया जाएगा। इसके उपरांत 22 सितंबर, 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
डीसी ने कहा कि घर-घर सत्यापन के दौरान सभी मतदाता अपने क्षेत्र के बीएलओ को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। भरे हुए एवं हस्ताक्षरित गणना फॉर्म की एक प्रति (रिसीविंग) बीएलओ से अवश्य प्राप्त करें, जिस पर बीएलओ के हस्ताक्षर, नाम एवं मोबाइल नंबर अंकित हों।
*एक से अधिक स्थानों पर मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हो सकता वोटर*
डीसी ने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति एक से अधिक स्थानों पर मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हो सकता। ऐसा करना लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। यदि किसी मतदाता को इस अभियान से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी या सहायता की आवश्यकता हो तो वह निर्वाचन आयोग की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क कर सकता है अथवा voters.eci.gov.in पोर्टल और ECINet ऐप का उपयोग कर सकता है।
डीसी वर्षा खांगवाल ने जिला के सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे जिम्मेदार मतदाता होने का परिचय दें, समय पर गणना फॉर्म भरें तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।









