×
Chaupal Tv
Haryana

पॉकेट फिल्म्स पर रिलीज होते ही यश केजरीवाल की फिल्म ईमान ने इंटरनेट पर बटोरे 1,30,000 व्यूज

भिवानी/सच्ची घटना पर आधारित और हरियश क्रिएशन के बैनर तले बनी शॉर्ट फिल्म ईमान इन दिनों इंटरनेट पर छाई हुई है। कनाडा स्क्रीन अवॉर्ड्स 2026 (ऑनलाइन फेस्टिवल) में चार अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीतने के बाद, अब यह फिल्म शॉर्ट फिल्मों के मशहूर यूट्यूब चैनल पॉकेट फिल्म्स पर रिलीज कर दी गई है। रिलीज होते ही इस फिल्म ने दर्शकों के दिलों को गहराई से छुआ है और महज एक दिन में यूट्यूब व इंस्टाग्राम पर 1 लाख 30 हज़ार से ज्यादा व्यूज का शानदार आंकड़ा पार कर लिया है। मेघदूत थिएटर ग्रुप सोसाइटी भिवानी द्वारा पावर्ड यह फिल्म समाज को एक बेहद मजबूत संदेश देती है कि ईमान किसी धर्म या जाति में नहीं, बल्कि इंसान की रूह में बसता है।
निर्देशक यश केजरीवाल ने इस यथार्थवादी कहानी को बड़ी ही संवेदनशीलता के साथ पर्दे पर उतारा है। रविंद्र शिवाच और टैलेंटेड ऋतु इंसान के विशेष सहयोग से तैयार हुए अपूर्व यादव द्वारा लिखित इस प्रोजेक्ट में मुख्य कलाकारों ने जान डाल दी है। फिल्म में कौशल भारद्वाज ने रमाकांत, डॉ. योगमाया भारद्वाज ने सुनीता और सूरज ने उस्मान के किरदार में शानदार अभिनय किया है। तकनीकी मोर्चे पर भी यह फिल्म बेहद मजबूत है, आदित्य सैनी की क्रिस्प सिनेमेटोग्राफी व एडिटिंग और मेघदूत स्टूडियोज (सूरज) के रूहानी संगीत ने इसे एक मास्टरपीस बना दिया है। इसके अलावा, ध्रुव केजरीवाल व डॉ. पुलकित भारद्वाज ने प्रोडक्शन और ओम प्रकाश, मयंक यादव, पूरू अग्रवाल, चिन्मोय प्रधान, अर्पित राजपूत, सलोनी, निष्ठा भारद्वाज और कल्पना निगम ने ग्राफिक्स, कास्टिंग, कलरिंग, लिरिक्स व मेकअप का काम बहुत ही बारीकी से संभाला है।
अपनी पिछली चर्चित फिल्म मकड़ी से 9 इंटरनेशनल अवॉर्ड जीत चुके युवा डायरेक्टर यश केजरीवाल ईमान की इस अपार सफलता से बेहद भावुक और उत्साहित हैं। वे फिल्म को मिल रहे इस शानदार रिस्पॉन्स और दर्शकों के प्यार का पूरा श्रेय अपने गुरु डॉ. हरिकेश पंगाल और कौशल भारद्वाज को देते हैं। उनका मानना है कि इन दिग्गजों के सही मार्गदर्शन, उनके आशीर्वाद और पूरी टीम के निस्वार्थ समर्पण के बिना ईमान जैसी असरदार फिल्म को इस मुकाम तक पहुंचाना मुमकिन नहीं था। ईमान की यह अंतरराष्ट्रीय सफलता भिवानी शहर के लिए भी बड़े गर्व की बात है। बतौर डायरेक्टर यश केजरीवाल का सपना है कि वह अपने शहर भिवानी को सिनेमा की दुनिया में एक अलग पहचान दिलाएं और इसे फिल्म मेकिंग के क्षेत्र में बहुत आगे लेकर जाएं|

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।