×
Chaupal Tv
Haryana

एससी-एसटी मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच हो सुनिश्चित : एसडीएम राजेन्द्र कुमार

सिरसा, 24 जून।
एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम से संबंधित मामलों की समीक्षा के लिए बुधवार को उपमंडल स्तरीय विजिलेंस एवं मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम राजेंद्र कुमार ने की। बैठक में 1 मार्च 2026 से 31 मई 2026 तक दर्ज मामलों की समीक्षा की गई। तहसील कल्याण अधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि इस अवधि के दौरान विभिन्न थानों में एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और संबंधित प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। समीक्षा के दौरान एसडीएम ने संबंधित विभागों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही पीड़ितों को सुरक्षा, कानूनी सहायता और नियमानुसार राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
एसडीएम ने कहा कि संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई और प्रभावी निगरानी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को कानून के प्रावधानों का सख्ती से पालन करने तथा पीड़ितों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में भविष्य में ऐसे अपराधों की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाने, सामाजिक सहभागिता बढ़ाने संबंधी सुझावों पर भी चर्चा की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदर्शदीप सिंह,  तहसीलदार सिरसा प्रदीप अहलावत, सदस्य जुगनुराम व कृष्णा देवी सहित नगर परिषद, पंचायती राज आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। यह बैठक एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत निर्धारित नियमित समीक्षा प्रक्रिया का हिस्सा थी।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।