सिरसा। माहेश्वरी चैरिटी ट्रस्ट की ओर से माहेश्वरी वंशोत्पत्ति दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। यह जानकारी देते हुए ट्रस्ट के प्रवक्ता राम माहेश्वरी ने बताया कि इस अवसर पर रानियां रोड स्थित माहेश्वरी भवन में विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के गणमान्य जनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महेश के पूजन एवं आराधना के साथ हुई। आचार्य जी के सान्निध्य में विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न करवाई गई तथा समाज और विश्व के सर्वमंगल की कामना की गई। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को माहेश्वरी वंशोत्पत्ति दिवस की शुभकामनाएं दीं और समाज की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने माहेश्वरी समाज की उत्पत्ति, इतिहास और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस समाज की एकता, संस्कृति और सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने नई पीढ़ी से समाज के संस्कारों और मूल्यों को अपनाने का आह्वान भी किया।
धार्मिक कार्यक्रम के उपरांत अनाज मंडी रोड स्थित भगवान शनिदेव मंदिर के सामने लंगर भंडारे का शुभारंभ किया गया। लंगर में समाज के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर सेवा की और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंद लोगों को प्रेमपूर्वक भोजन कराया। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ो लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। माहेश्वरी चैरिटी ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने माहेश्वरी वंशोत्पत्ति दिवस के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि भगवान महेश की कृपा से स्थापित माहेश्वरी समाज आज सेवा, शिक्षा, व्यापार, सामाजिक उत्थान और मानवीय मूल्यों के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और सेवा भावना ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यक्रम का समापन समाज की सुख-समृद्धि, देश की उन्नति तथा विश्व शांति की मंगलकामना के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने ऐसे आयोजनों को समाज की नई पीढ़ी तक पहुंचाने और सामाजिक सेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर प्रदेश संगठन मंत्री आनंद बियानी, अध्यक्ष कमलेश पप्पू राठी, महेश राठी, डॉ जीएस सोमानी, पुरुषोत्तम मंत्री, प्रमोद बियानी, नारायण राठी, त्रिलोक राठी, शिव कुमार मंत्री, आदेश बियानी, अजय राठी, पदम बियानी, राजीव चांडक, रूपेश मरदा, रवि बियानी, गौतम बियानी, रवि राठी, नितिन राठी, रोहित राठी, गौतम बियानी आदि मौजूद थे।









