×
Chaupal Tv
Haryana

मतदाता सूची पुनरीक्षण में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ व बीएलए करेंगे संयुक्त सत्यापन

गुरुग्राम, 22 जून।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत गुरुग्राम जिले में मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत (एएसडी) मतदाताओं की सूचियां राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ साझा की जाएंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची में शामिल प्रत्येक मतदाता की वास्तविक स्थिति का सत्यापन कर यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान जिन मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित अथवा मृत श्रेणी में चिन्हित किया गया है, उनकी जानकारी बूथ स्तर पर साझा की जाएगी। इसके लिए जिले के 1504 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) विभिन्न राजनीतिक दलों के 2273 बूथ लेवल एजेंटों के साथ बैठकें आयोजित करेंगे और एएसडी सूचियों का संयुक्त रूप से सत्यापन करेंगे। इस दौरान प्रत्येक ऐसे मतदाता की स्थिति की पुष्टि की जाएगी, ताकि प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने से पहले किसी भी त्रुटि का समय रहते सुधार किया जा सके।
डीसी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह व्यवस्था मतदाता सूची की विश्वसनीयता बढ़ाने तथा पुनरीक्षण प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है। प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद एएसडी सूचियां बूथवार, विधानसभा वार एवं जिला स्तर पर संबंधित निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइटों के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जाएंगी। ये सूचियां ईपीआईसी संख्या के माध्यम से खोजे जाने योग्य स्वरूप में होंगी।
उन्होंने बताया कि 22 जून तक जिले में बीएलओ द्वारा 9 लाख 78 हजार 884 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 62.95 प्रतिशत है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से समय रहते गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित समय सीमा में सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
0000
*बॉक्स में*
*स्वीप गतिविधियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान को मिली गति*
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में संचालित स्वीप गतिविधियों के तहत सोमवार को विभिन्न विभागों द्वारा व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर महिलाओं एवं अभिभावकों को मतदाता सूची पुनरीक्षण तथा गणना प्रपत्र भरने के बारे में जानकारी दी गई।
इसी प्रकार श्रम विभाग द्वारा औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों एवं कर्मचारियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, विवरण अपडेट कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए जागरूक किया गया। वहीं पंचायत विभाग की ओर से गांवों में आमजन को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान से जोड़ने और अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।