हिसार, 21 जून।
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन केंद्रीय संचार ब्यूरो, हिसार द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र लाहौरिया में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र लाहौरिया के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ श्योनंद ने शिरकत की।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न अनेक बीमारियों एवं तनाव से बचाव के लिए योग एक प्रभावी और प्राकृतिक उपाय है। डॉ. श्योनंद ने सभी लोगों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया तथा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए केंद्रीय संचार ब्यूरो की सराहना की।
न्यू लाहोरिया विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय के अध्यक्ष प्यारेलाल ने विद्यार्थियों एवं युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि योग स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन की आधारशिला है। उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन योगाभ्यास करने तथा अपने परिवार एवं समाज में भी योग के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक मोहित के मार्गदर्शन में योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। उन्होंने योग के माध्यम से शारीरिक लचीलापन, मानसिक संतुलन, एकाग्रता तथा तनाव मुक्ति के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान योग विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नृत्य एवं नुक्कड़ नाटक रहा। कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली और नियमित योगाभ्यास के लाभों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
इस अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो के नोडल अधिकारी नीरज महलावत एवं उनकी टीम तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









