×
Chaupal Tv
Haryana

योग शारीरिक, मानसिक, नैतिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ होने का मूल मंत्र है: विधायक घनश्याम सर्राफ

सिवानी, 21 जून। 12वें विश्व योग दिवस पर सिवानी के राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में उपमंडल स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विधायक ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक, नैतिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ होने का मूल मंत्र है। यह मन, आत्मा और शक्तियों का आत्मबोध कराने का कारगर रास्ता है। योग कला, विज्ञान और दर्शन का बेजोड़ उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि योग में समूची मानवता को एकजुट करने की अद्भुत शक्ति है। जब योग जीवन का हिस्सा हो जाता है तो आयु, विद्या, यश और बल बढऩे लगते हैं। उन्होंने कहा कि योग विद्या भारत के ऋषि मुनियों की अमूल्य धरोहर है। अनादिकाल से योग चला आ रहा है। योग का अर्थ समाधि है, इस विषय में सब एकमत है। समाधि से कर्म क्षेत्र तक, योग का व्यापक वर्णन हमारे शास्त्रों में विद्यमान है। भारत में लगभग पांच हजार वर्ष पहले जन्मी योग पद्धति के चाहने वाले पूरी दुनिया में हैं। आज पूरा विश्व योग और साधना विधा का का लोहा मानता है।
आयुष विभाग के योग शिक्षकों ने शुरूआत कर ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्ध चक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, अनुलोम व विलोम सहित अनेक योगा करवाएं। इस दौरान योग शिक्षकों ने योगासन व प्राणायाम के साथ-साथ योगा से होने वाले स्वास्थ्य लाभ की भी विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर विभित्र विभागों के अधिकारी, खेल विभाग से खिलाड़ी, योगाचार्य, स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थी, एनसीसी व स्काउट्स युवा, योग प्रेमियों ने योगाभ्यास किया।
इस मौके पर नगर पालिका चेयरपर्सन वंदना राजेश केडिया, बीडीपीओ मोहित श्योराण, भाजपा मंडल प्रभारी टोनी बराला, प्रधानाचार्य सुरेश श्योराण, उप प्रधानाचार्य राजबीर बेनीवाल एसडीओ सुभाष चन्द्र तथा आयुष विभाग से डॉ. बलवान, योग शिक्षक दिनेश कुमार, पुष्पा, पूनम, ज्योति तथा कुलदीप मौजूद रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।