×
Chaupal Tv
Latest Update

महाभारत अनुभव केंद्र का भ्रमण शैक्षणिक व सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा में सहयोगी : डीसी

झज्जर, 13 मई। डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने कहा कि सरकार द्वारा कुरुक्षेत्र स्थित ज्योतिसर के महाभारत अनुभव केंद्र के भ्रमण एवं सांस्कृतिक-शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस केंद्र के 

भ्रमण से विशेषकर युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से रूबरू होने का मौका मिलेगा।

यह केंद्र विद्यार्थियों, शोधार्थियों, पर्यटकों, श्रद्धालुओं और देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने जिला के स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, युवा संगठनों और सांस्कृतिक संस्थाओं को महाभारत अनुभव केंद्र के भ्रमण के लिए प्रेरित किया है।  

डीसी ने कहा कि महाभारत भारतीय सभ्यता, संस्कृति और नैतिक मूल्यों का अमर ग्रंथ है, जो धर्म, कर्म, न्याय, कर्तव्य और आदर्श जीवन के सिद्धांतों का मार्गदर्शन करता है। कुरुक्षेत्र की पावन भूमि, विशेष रूप से ज्योतिसर, वह ऐतिहासिक स्थल है जहां भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का दिव्य उपदेश दिया था। इसी ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक धरोहर को आधुनिक तकनीक और आकर्षक प्रस्तुति के माध्यम से संरक्षित एवं प्रदर्शित करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा महाभारत अनुभव केंद्र की स्थापना की गई है। इस केंद्र का उद्घाटन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाना झज्जर सहित पूरे हरियाणा प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। 

उन्होंने बताया कि महाभारत अनुभव केंद्र में अत्याधुनिक ऑडियो-विजुअल तकनीक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और डिजिटल माध्यमों के जरिए महाभारत की कथाओं एवं मूल्यों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। 

डीसी ने कहा कि जिलाभर की विभिन्न संस्थाओं के सक्रिय सहयोग से भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने तथा युवाओं में नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सरकार की यह पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने बताया कि इस केंद्र के भ्रमण एवं संबंधित गतिविधियों के समन्वय के लिए पर्यटन विभाग के सहायक महाप्रबंधक राजपाल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अधिक जानकारी के लिए सहायक महाप्रबंधक के संपर्क सूत्र 8742901812 पर संपर्क किया जा सकता है।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।