×
Chaupal Tv
Latest Update

मॉडल सोलर विलेज योजना को लेकर बैठक आयोजित, अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश

हिसार, 12 मई।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जिले में मॉडल सोलर विलेज विकसित करने को लेकर नगराधीश सुभाष चंद्र की अध्यक्षता में मंगलवार को एक बैठक का आयोजन किया गया।


नगराधीश ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का उद्देश्य गांवों को स्वच्छ और हरित ऊर्जा से जोड़ना है। इसके तहत गांवों में सौर ऊर्जा आधारित सुविधाओं को बढ़ावा देकर बिजली खर्च कम करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजना के तहत चयनित किए जाने वाले गांवों में सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं। बैठक में अवगत करवाया गया कि मॉडल सोलर विलेज योजना के अंतर्गत सोलर स्ट्रीट लाइट, सौर ऊर्जा आधारित जल पंप, सरकारी भवनों एवं सामाजिक संस्थानों पर सोलर संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा पीएम-कुसुम योजना और पीएम सूर्य घर योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को जोड़ने पर भी फोकस किया गया।


नगराधीश ने नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग (हरेडा), बिजली निगम तथा ग्राम पंचायतों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गांव स्तर पर जागरूकता अभियान चलाएं ताकि लोग सौर ऊर्जा योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों और किसानों को योजनाओं की जानकारी सरल तरीके से उपलब्ध करवाई जाए तथा आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न आने दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गांवों में उपलब्ध सरकारी एवं पंचायत भूमि का सर्वे कर सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए संभावनाओं की तलाश करें। इसके अलावा पंचायतों, सहकारी समितियों और स्कूलों के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के भी प्रयास किए जाएं।


नगराधीश सुभाष चंद्र ने कहा कि योजना के तहत चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी और संबंधित विभाग समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित समय सीमा में अपनी कार्रवाई पूरी करना सुनिश्चित करें ताकि जिले में मॉडल सोलर विलेज योजना को सफलतापूर्वक लागू किया जा सके। नगराधीश ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां तय करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के भी निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।