सिरसा, 13 मई।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बताया कि हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 14 मई को जिले में दो जगह पर बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य आपदा के समय विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना तथा तैयारियों का बेहतर ढंग से आंकलन करना है। मॉक एक्सरसाइज को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
एडीसी ने बताया कि मॉक एक्सरसाइज 14 मई को सुबह 9 बजे की जाएगी। मॉक एक्सरसाइज के तहत दो स्थानों को चिन्हित किया गया है। पहला स्थल गांव पनिहारी के निकट घग्गर के दाएं तटबंध के पास तथा दूसरा स्थल सिरसा-रानियां-डबवाली हाईवे पर मीरपुर के निकट रहेगा।
उन्होंने बताया कि अभ्यास के दौरान भारी बारिश के बाद घग्गर नदी में जलस्तर बढऩे, तटबंध में कटाव आने तथा सडक़ क्षतिग्रस्त होने जैसी स्थिति मानकर राहत एवं बचाव कार्य किए जाएंगे। इसके तहत विभिन्न विभागों की ओर से राहत कार्य, यातायात नियंत्रण, बचाव दलों की आवाजाही, संचार व्यवस्था तथा राहत शिविरों की सुरक्षा आदि व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाएगा। मॉक एक्सरसाइज के सफल संचालन के लिए पुलिस विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों तथा अन्य संबंधित विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पुलिस अधीक्षक को कानून व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियंत्रण तथा राहत शिविरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।
आपातकालीन सेवा वाहनों व सायरन की आवाज से नागरिक घबराएं नहीं
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे घबराएं नहीं, यह केवल एक मॉक एक्सरसाइज है, वास्तविक आपदा नहीं, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या घबराहट की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और किसी को भी जोखिम में नहीं डाला जाएगा। यदि आपके आस पास 14 मई को आपातकालीन सेवा वाहनों की आवाजाही दिखे या सायरन की आवाज या कोई प्रशासनिक हलचल दिखे तो घबराए नहीं बल्कि यह मॉक एक्सरसाइज है और तैयारियों को जांचने का अभ्यास है।









