×
Chaupal Tv
Haryana

बैकफुट पर सरकार, जश्न में कांग्रेस! शिक्षा मंत्री के इस्तीफ़े के बाद सिरसा में कांग्रेस ने निकाला विजय मार्च

सिरसा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े के बाद जिला कांग्रेस कमेटी ने विजय मार्च निकाला। जिला अध्यक्ष संतोष बेनीवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में एकत्रित हुए और वहां से भगवान श्री परशुराम चौक तक विजय मार्च निकाला। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और नारों के बीच निकले इस मार्च में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। भगवान श्री परशुराम चौक पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संतोष बेनीवाल ने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक घटनाक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं के अनवरत संघर्ष की ऐतिहासिक जीत है। राहुल गांधी जी ने जिस दृढ़ता के साथ युवाओं और छात्रों के मुद्दों को सड़क से लेकर संसद तक उठाया, उसी दबाव का परिणाम है कि सरकार को आखिरकार विवश होकर यह कदम उठाना पड़ा। यह देश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की जीत है। जब तक छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी मुद्दों का स्थायी समाधान नहीं निकल जाता, पार्टी युवाओं की आवाज इसी तरह मुखरता से उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री का केवल इस्तीफा दे देना ही काफी नहीं है। सरकार को शिक्षा क्षेत्र में हुई गड़बड़ियों, पेपर लीक या प्रशासनिक विफलताओं की पूरी नैतिक जिम्मेदारी लेनी होगी। इस्तीफे के बाद भी मामले की लीपापोती न की जाए, बल्कि किसी स्वतंत्र एजेंसी या सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में पूरे मामले की पारदर्शी जांच हो। यह कदम बहुत पहले ही उठ जाना चाहिए था और सरकार अब केवल अपनी छवि बचाने की कोशिश कर रही है।
खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।