रोहतक, 25 जुलाई। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना (एमएमएपीयूवाई) 2.0 के अंतर्गत गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्र के लगभग 3 हजार पात्र लाभार्थियों की पहचान की गई है। इन परिवारों के लिए 26 जुलाई (रविवार) को प्रात: 9 बजे से सायं 5 बजे तक रोहतक स्थित जिला विकास भवन के डीआरडीए हॉल में अंत्योदय मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा सभी चिन्हित लाभार्थियों को घर-घर जाकर मेले में भाग लेने के लिए निमंत्रण दिया गया है।
सचिन गुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार अंत्योदय परिवारों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। अंत्योदय मेले का उद्देश्य पात्र परिवारों को उनकी रुचि, कौशल एवं पात्रता के अनुरूप स्वरोजगार एवं आयवर्धन से संबंधित योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर उनके आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान को सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना 2.0 के तहत आयोजित इस मेले में लाभार्थी 19 विभागों द्वारा संचालित 47 जनकल्याणकारी योजनाओं में से अपनी पात्रता एवं आवश्यकता के अनुसार योजना का चयन कर लाभ प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की कि वे निर्धारित समय पर अंत्योदय मेले में पहुंचकर राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं।
जिला विकास भवन में लगेगा विशेष शिविर :-
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के अंतर्गत रविवार को जिला विकास भवन स्थित एडीसी कार्यालय में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
फैमिली आईडी सेवाओं के लिए रहेंगे विशेष काउंटर :-
सचिन गुप्ता ने बताया कि शिविर में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी/फैमिली आईडी) से संबंधित सेवाओं के लिए अलग से विशेष काउंटर स्थापित किए जाएंगे। जिन विधवा महिलाओं की किसी कारणवश विधवा पेंशन स्वीकृत नहीं हो सकी है, वे अपनी फैमिली आईडी में आय, जन्म तिथि (डीओबी) एवं अन्य आवश्यक विवरणों का सत्यापन अथवा सुधार करवाकर योजना का लाभ प्राप्त कर सकती हैं। इसके अतिरिक्त, फैमिली आईडी से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, सत्यापन अथवा आवश्यक संशोधन के लिए भी नागरिक शिविर में संपर्क कर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्र के पात्र परिवारों के लिए 26 जुलाई को लगेगा अंत्योदय मेला :- उपायुक्त सचिन गुप्ता









