सिरसा, 03 जून।
नगर परिषद द्वारा शहर को स्वच्छ एवं धूल-मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान डस्ट फ्री रोड्स कैंपेन के तहत बुधवार को बस स्टैंड से जेल रोड तक व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे जमा धूल, मिट्टी एवं कचरे को हटाकर सड़कों की विशेष सफाई की गई।
नगर परिषद द्वारा यह विशेष अभियान 1 जून से 6 जून तक नगर परिषद क्षेत्र की विभिन्न प्रमुख सड़कों पर संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य मानसून से पूर्व सड़कों पर जमी धूल एवं मिट्टी को हटाकर नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण उपलब्ध करवाना है।
नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी (ईओ) सुमन लता ने बताया कि बुधवार को बस स्टैंड से जेल रोड तक सफाई कर्मचारियों ने मशीनों एवं अन्य उपकरणों की सहायता से सड़क किनारों पर जमा धूल-मिट्टी को हटाया। अभियान के दौरान नगर परिषद के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहे और कार्यों की निगरानी करते हुए सफाई कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने सफाई कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि शहर की प्रमुख सड़कों को धूल-मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सड़क किनारों पर जमा धूल न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करती है, बल्कि आमजन के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद द्वारा लगातार सफाई कार्य करवाया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे सड़कों पर मिट्टी, रेत, बजरी तथा निर्माण सामग्री न डालें और नगर परिषद के स्वच्छता अभियानों में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना किसी भी स्वच्छता अभियान को पूर्ण सफलता नहीं मिल सकती। सभी नागरिकों के सहयोग से ही सिरसा को स्वच्छ, सुंदर और धूल-मुक्त शहर बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद द्वारा आगामी दिनों में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इसी प्रकार के विशेष सफाई अभियान जारी रखे जाएंगे ताकि नागरिकों को बेहतर एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।









