झज्जर, 17 मई।
डीसी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत चल रहे मकान सूचीकरण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी 30 मई तक कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
रविवार को झज्जर स्थित लघु सचिवालय में हरियाणा के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में डीसी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो प्रगणक निर्धारित समय से पहले अपना कार्य पूरा करेंगे, उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं कार्य में कोताही बरतने वालों के खिलाफ भारत की जनगणना अधिनियम-1948 एवं जनगणना नियम-1990 की धारा-11 के तहत सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नियामानुसार संबंधित कर्मचारी को निलंबित भी किया जा सकता है।
डीसी ने बताया कि जिले में कुल 2219 ब्लॉक बनाए गए हैं, जिनमें सर्वे कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य में जहां किसी प्रकार की तकनीकी रूप कोई दिक्कतें हैं उन्हें दुरुस्त करते हुए सर्वे कार्य में तेजी लाई जाए। साथ ही जिन प्रगणकों ने अपना कार्य पूरा कर लिया है, वे संबंधित सुपरवाइजर को इसकी सूचना अवश्य दें ताकि आगामी प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसंख्या संबंधी स्थिति का व्यापक दस्तावेज है। इसके आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास, रोजगार तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है। इसलिए प्रत्येक परिवार और व्यक्ति की सही जानकारी दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हाउस लिस्टिंग, मकानों का सत्यापन, परिवारों का विवरण, जनसंख्या आंकड़ों का संग्रहण तथा रिकॉर्ड संधारण का कार्य पूरी सावधानी एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने चार्ज अधिकारियों एवं सर्कल सुपरवाइजर्स को नियमित रूप से फील्ड निरीक्षण करने और जनगणना कार्य की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए ताकि लोग सही जानकारी उपलब्ध करवाने के महत्व को समझ सकें। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। वहीं डीएमसी अभिनव सिवाच वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।
*बैठक में यह अधिकारी रहे मौजूद*
इस अवसर पर एसडीएम झज्जर रवि मीणा, डीईओ रतिंद्र सिंह, डीईईओ राजबाला मलिक, नगर परिषद ईओ संजय रोहिल्ला, सांख्यिकी अधिकारी युद्धवीर नांदल, जनगणना रोहतक मंडल प्रभारी ओमप्रकाश, जिला कॉर्डिनेटर मोहित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









