हिसार, 16 मई।
शहर की स्वच्छता एवं सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए लगभग 2.55 करोड़ की लागत की सुपर सकर मशीनें हिसार को मिली है। शनिवार से इन मशीनों के माध्यम से ड्रेनेज और सीवरेज सफाई का कार्य आरंभ कर दिया है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि ये अत्याधुनिक मशीन शहर की सफाई व्यवस्था को नई क्षमता प्रदान करेगी तथा सीवर एवं ड्रेनेज प्रणाली को अधिक सक्षम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
सुपर सकर मशीन में मुख्य रूप से सक्शन-कम-जेटिंग यूनिट (पाइप लंबाई 120 मीटर), सक्शन डंप टैंक (10,000 लीटर क्षमता) तथा अतिरिक्त जल टैंक (9,000 लीटर क्षमता) जैसे आधुनिक उपकरण शामिल हैं। यह मशीन विशेष रूप से बरसाती नालों तथा 2000 मिमी व्यास तक की सीवर लाइनों की डी-सिल्टिंग और डी-चोकिंग में सक्षम है। हाई प्रेशर हाइड्रोलिक तकनीक के माध्यम से यह सीवर लाइनों की प्रभावी सफाई कर जाम हटाने का कार्य करेगी, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था और अधिक बेहतर होगी।
इसके साथ ही, सक्शन डंप टैंकों के माध्यम से सीवर एवं नालों से निकाले गए कचरे, गाद एवं अपशिष्ट पदार्थों का सुरक्षित संग्रहण एवं परिवहन किया जाएगा, जिससे स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग प्रदेश में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने, सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने, जल निकासी प्रणाली को बेहतर बनाने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनसुविधाओं के विकास हेतु किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मेयर प्रवीण पोपली, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, अजयकांत जांगड़ा, ललित शर्मा, अभिषेक शर्मा, एसई तरुण गर्ग सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।









