भिवानी, 16 मई। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश लेकर मोबाइल वैन शनिवार को गांव जूई के राजकीय प्राथमिक पाठशाला में पंहुची। इस मौके पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ को लेकर जागरूक किया गया।
स्कूल हेडमास्टर अमित कुमार व महिला एवं बाल विकास विभाग से सुपरवाइजर आईना
ने कहा कि आमजन अपने दायित्व को समझते हुए भ्रूण हत्या नहीं होने दें। लड़कियां आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। लड़कियों को लड़कों के समान आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने चाहिए। भ्रूण हत्या महापाप व अपराध है, अगर कहीं कोई घटना दिखे तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बेटियों को बचाओ और उन्हें पढ़ाओ लिखाओ। अगर बेटी नहीं होगी तो बहु कहां से लाओगे। बेटी दो घरों को रोशन करती है और लड़कियां पढ़-लिखकर समाज को जागरूक भी करती है। इसलिए लड़कियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। कार्यक्रम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर आधारित एक फिल्म भी दिखाई गई।
इस मौके पर स्कूल स्टाफ सदस्य, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पिंकी, कविता के अलावा गणमान्य नागरिक व स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।









