×
Chaupal Tv
Latest Update

जल शक्ति अभियान को जन-आंदोलन बनाएं :- उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक, 16 मई : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जल शक्ति अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त आज कैंप कार्यालय में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग अग्रवाल द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दिए गए निर्देशों के उपरांत अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।


सचिन गुप्ता ने कहा कि यह अभियान पानी की बर्बादी रोकने और आने वाली पीढय़िों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी योजना नहीं बल्कि आम नागरिकों, किसानों और महिलाओं की भागीदारी से इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देना होगा।


उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला के सभी जल स्रोतों के कायाकल्प के निर्देश देते हुए कहा कि पारंपरिक तालाबों, कुओं व अन्य जल निकायों की सफाई कर उन्हें पुनर्जीवित किया जाए। उन्होंने जिला के शेष बचे सभी सरकारी भवनों पर रूफटॉप वॉटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जल संचय के लिए निजी क्षेत्र में भी रूफटॉप वॉटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर लगाए जाने चाहिए। इसके साथ ही सभी पार्कों में वर्षा जल संचय हेतु टैंक स्थापित करने के निर्देश दिए।
सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल शक्ति अभियान तथा जल संचय जन भागीदारी कार्यक्रम के तहत प्रत्येक गांव में रिचार्ज संरचनाओं का निर्माण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उद्योगों, स्थानीय निकायों, एनजीओ व सीएसआर संसाधनों के माध्यम से सहयोग जुटाकर जल संरक्षण कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर समय पर प्रगति अपडेट करने के साथ-साथ कार्यों की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।


इससे पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जल शक्ति अभियान के तहत जल संचय जन भागीदारी एवं जल संरक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने अभियान को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में जल संचय जन भागीदारी 2.0 पोर्टल पर जिलों की प्रगति, जल शक्ति अभियान-2025 के अंतर्गत गतिविधियों की स्थिति तथा केंद्र सरकार द्वारा जारी अनुदान राशि की उपयोगिता प्रमाण पत्र की स्थिति की समीक्षा की गई।


बैठक में बताया गया कि अभियान का उद्देश्य जन भागीदारी के माध्यम से वर्षा जल संचयन, रिचार्ज शाफ्ट, कृत्रिम जल संरचनाओं के निर्माण तथा जल पुनर्भरण को बढ़ावा देना है। इसके तहत बोरवेल रिचार्ज, रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग, रिचार्ज पिट, सोक पिट, तालाब/जोहड़ पुनर्जीवन, चेक डैम, गली प्लग, परकोलेशन टैंक, कंटूर ट्रेंच सहित अनेक संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है।


बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता राजीव राठी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप कुमार, पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता नवीन कुमार, वन विभाग के राकेश गुलिया सहित सुनीता चहल, हिना दहिया व दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।