भिवानी, 14 मई। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में डीडीपीओ सोमबीर कादयान की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन हुआ। डीडीपीओ ने कमलेश द्वारा रखी गई शिकायत पर शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि आरटीई एक्ट के तहत पात्र बच्चों को निजी स्कूलों में फीस के नाम पर परेशान ना किया जाए। यदि कोई निजी स्कूल आरटीई एक्ट के तहत आने वाले बच्चों को नियमों के विरुद्ध जाकर फीस वसूली करता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए।
डीडीपीओ के समक्ष सुमन व पूजा ने लाडली योजना का लाभ दिलवाने, ऋषि राम ने जमीन का इंतकाल करवाने, शमशेर ने फसल बीमा करवाने बारे, बलवीर सिंह ने सोलर प्लेट को दुरूस्त करवाने, जगदीश ने पेयजल पाइपलाइन से संबंधित समस्या, भारत नगर निवासी विनोद कुमार ने जलभराव से खेत में पेड़-पौधों के नुकसान की भरपाई करवाने बारे, ओमपति ने मकान से गुजर रही पानी की पाइपलाइन हटवाने तथा कलिंगा निवासी संदीप ने अनाज मंडी से गेहूं उठान बारे समस्या रखी।
इसके अलावा गांव सिवाड़ा निवासियों ने बरसाती नाले से संबंधित, सुधीर कुमार ने कृष्णा कॉलोनी में दुषित पेयजल बारे, बडेसरा निवासी सुरेश कुमार ने खेतों के रास्ते से बिजली के खंभे हटवाने, भगवान दास ने रोहतक रोड़ से हालुवास रोड़ तक एक तरफ बरसाती नाला निर्माण करवाने व दादरी गेट पर जलभराव बारे, संतोष ने बच्चों के आधार कार्ड बनवाने बारे, अशोक कुमार ने विवाह प्रमाण-पत्र, शालू अरोड़ा ने गोदाम फैक्ट्री क्षेत्र में बंदरों से निजात दिलवाने तथा रमेश चंद्र, रमेश कुमार, सुरेश चंद, हालुवास निवासी भंवर सिंह, राजबाला, रविंद्र कुमार, नरसिंह राम व विजय शर्मा ने फैमिली आईडी में त्रुटि व आय संबंधी तथा रेखा देवी व सुशीला देवी ने राशन कार्ड पुन: बनवाने की समस्या डीडीपीओ के समक्ष रखी।
समाधान शिविर में डिप्टी सीईओ रविंद्र दलाल ने समस्याएं सुनी। अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गौर से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।








