×
Chaupal Tv
Latest Update

योग सहायकों ने जिला कारागार में बंदियों को कराया योगाभ्यास

भिवानी, 13 मई। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में आयुष विभाग द्वारा जिला में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां की जा रही है। इसी के तहत आयुष विभाग द्वारा जिला कारागार में विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें योग सहायक अनिल कुमार, सिकंदर और योगेश ने जेल बंदियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया। उन्होंने योग से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कारागार में 11 से 15 मई तक योग शिविर आयोजित किया जा रहा है।  


योग सहायकों ने बंदियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन एवं पवनमुक्तासन जैसे योगासनों का अभ्यास करवाया, जिनसे शरीर की लचीलापन बढ़ता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार होता है। इसके साथ ही बंदियों को अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी और गहरी श्वास संबंधी प्राणायाम तकनीकों का अभ्यास कराया गया। उन्होंने बताया कि नियमित प्राणायाम से फेफड़ों की क्षमता बढ़ती है, मानसिक शांति मिलती है, तनाव व चिंता कम होती है तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का माध्यम भी है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती प्रदान करता है।


आयुष विभाग से जिला योग कोर्डिनेटर डॉ. संजय वैद ने बताया कि डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में जिले में 21 जून को आयोजित होने वाले योग दिवस की तैयारियां की जा रही हैं। योग शिविर लगाकर योगासन व प्राणायाम सिखाने के साथ-साथ योगा प्रोटोकॉल के बारे में भी बताया जा रहा है। इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य जेल बंदियों को तनाव मुक्त रखना, उनके स्वास्थ्य में सुधार करना तथा सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण विकसित करना है। इस अवसर पर बंदियों ने नियमित रूप से योग अपनाने का संकल्प लिया।


उन्होंने बताया कि 18 से 20 मई तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होंगे, इनमें जिले के स्कूलों और गांवों में व्यायामशाला प्रशिक्षकों, शारीरिक शिक्षकों, पीटीआई, डीपीई तथा खेल विभाग के योग प्रशिक्षकों को योगा प्रोटोकॉल का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।