×
Chaupal Tv
Latest Update

भाजपा की जीत जनता के विश्वास और पार्टी की नीतियों की विजय : रणबीर गंगवा

हिसार, 13 मई। हरियाणा में नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों की शानदार जीत पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने इसे पार्टी की नीतियों एवं जनकल्याणकारी कार्यों में जनता के अटूट विश्वास की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने एक बार फिर भाजपा की विकासोन्मुखी सोच, पारदर्शी शासन व्यवस्था और किए गए वादों पर भरोसा जताया है।

कैबिनेट मंत्री व अंबाला नगर निगम चुनाव के लिए पार्टी प्रभारी रणबीर गंगवा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अंबाला सहित नगर निगम मेयर के तीनों अहम पदों पर विजय प्राप्त कर यह साबित कर दिया है कि जनता भाजपा के नेतृत्व और कार्यशैली से संतुष्ट है। अंबाला में मेयर अक्षिता सैनी के अतिरिक्त 20 में से 16 पार्षद भाजपा के चुने गए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों में पार्टी के प्रति जनता का विश्वास स्पष्ट रूप से झलकता है, क्योंकि भाजपा जो संकल्प अपने घोषणा पत्र में लेती है, उन्हें पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ पूरा करती है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और अब 2024 के बाद यह बात पूरी तरह सिद्ध हो चुकी है कि भाजपा केवल वादे नहीं करती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाती है। पार्टी ने अपने प्रत्येक चुनावी घोषणा पत्र के वादों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया है, जिससे आमजन को पारदर्शी शासन, विकास के समान अवसर और बेहतर सुविधाएं प्राप्त हुई हैं।

रणबीर गंगवा ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति दी है तथा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। यही कारण है कि जनता लगातार भाजपा के साथ खड़ी है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पार्टी को अपना आशीर्वाद दे रही है।

उन्होंने सभी विजयी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए अपने-अपने क्षेत्रों के विकास को नई दिशा देंगे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।